बरेली। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर शिक्षकों की लंबित मांगों के निस्तारण के लिए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से जनपद के उन शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान का लाभ देने की मांग की गई है, जो पिछले कई वर्षों से इसके पात्र हैं।
जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक) और शासन की ओर से फरवरी 2026 में ही स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर अब तक कार्यवाही लंबित है। इसके साथ ही, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में वर्षों से इंचार्ज प्रधानाध्यापक के रूप में कार्य कर रहे शिक्षकों के वेतन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
भानु प्रताप सिंह ने बताया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 116 शिक्षकों के पक्ष में निर्णय देते हुए उन्हें प्रधानाध्यापक पद का वेतन देने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश की प्रति कार्यालय को उपलब्ध कराने के बावजूद अभी तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।