बहेड़ी। सकरस गांव के जंगल में रविवार को सुबह करीब 10 बजे रोहनिया गांव के प्रधान कपिल देव शर्मा के छोटे भाई देवव्रत (27 वर्ष) का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने मुंह से झाग आने की बात कही। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, देर शाम तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही है।
शव लटका देखकर जुटी भीड़ ने सूचना पुलिस को दी। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया। भाई कुशल देव ने बताया कि देवव्रत अपनी पत्नी के साथ रुद्रपुर में रहकर नौकरी करते थे। इन दिनों उनकी पत्नी मायके गई हुई है। रविवार को जब उन्हें शव पेड़ से लटका होने की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि शव के मुंह से झाग आ रहे थे। इसके अलावा जिस जगह पर शव मिला, वह गांव आने का रास्ता ही नहीं है। देवव्रत हर रविवार को गांव आते थे। रविवार को वह लोअर-टीशर्ट पहने थे। हालांकि, लोअर-टीशर्ट पहनकर वह कभी गांव नहीं आए। कोई विवाद भी उनकी जानकारी में नहीं है। ऐसे में आत्महत्या की बात गले नहीं उतर रही। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया।
इंस्पेक्टर संजय सिंह तोमर ने बताया कि शव के पास से जहर की एक बोतल मिली है। मामला संदिग्ध है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजन जो तहरीर देंगे उसके हिसाब से ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
युवक ने की जान देने की कोशिश
फरीदपुर। घरेलू कलह के चलते लाइनपार सिसैया रोड निवासी 25 वर्षीय युवक ने फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की। परिजन फंदे से उतारकर उसे सीएचसी ले गए। यहां से युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने बताया कि अस्पताल आने के दौरान परिजनों ने घरेलू कलह के चलते जान देने की कोशिश की बात कही। वहीं, इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि इस घटना से संबंधित उन्हें कोई जानकारी नहीं है। संवाद