रिछा/देवरनिया। रिछा के वार्ड 10 में रहने वाले 30 वर्षीय तस्लीम का शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। उसके पेट पर चाकू के बार के पांच जख्म थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। परिवार वालों ने किसी से रंजिश न होने की बात कहते हुए अब तक तहरीर नहीं दी है।
परिजन ने बताया कि तस्लीम बुधवार सुबह साढे़ आठ बजे रिछा के मोहल्ला गौंटिया में अपने हेयर कटिंग सैलून पर गए थे, लेकिन कुछ देर बाद ही दुकान बंद करके वहां से चले गए। सुबह करीब दस बजे रिछा और भैरपुरी के बीच स्थित रिछा निवासी अब्दुल मजीद के आम के बाग में भोला पहुंचे तो वहां पेड़ पर तस्लीम का शव लटका देखा। मफलर का फंदा उसके गले में कसा था और पेट से खून टपक रहा था। सूचना पर परिवार और गांव के लोग वहां पहुंचे। रिछा चौकी इंचार्ज अनुज तिवारी के अलावा देवरनियां और बहेड़ी थाने की पुलिस भी पहुंच गई। सीओ बहेड़ी अजय गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना करने के बाद शव को पेड़ से उतारा। कुछ ही देर में फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। हत्या में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी मौके से बरामद हो गया।