बरेली। बरसात में जर्जर भवन हादसों का सबब बन सकते हैं। नगर निगम ने ऐसे 136 भवनों को चिह्नित कर उनके स्वामियों को नोटिस जारी कर मकान खाली करने या मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। इन भवनों की निगरानी और नोटिस का अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में तेज बारिश के दौरान इन भवनों के गिरने का खतरा बना हुआ है।
जिला अस्पताल परिसर में स्थित कर्मचारी आवास भी जर्जर हालत में हैं। बारिश के दिनों में इनकी दीवारों में करंट उतरता है। इस बाबत कई बार कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। काफी समय से इन भवनों की मरम्मत नहीं कराई गई है। बारिश के दौरान प्लास्टर गिरने, दीवारों में दरार बढ़ने और छतों से पानी टपकने जैसी समस्याएं लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
तकनीकी टीम की ओर से शहर में जर्जर आवासों को चिह्नित कर भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। सरकारी विभागों को भी पत्र जारी कर जर्जर आवासों में निवास करने वाले कर्मचारियों से आवास खाली कराने के लिए कहा गया है। नोटिस के बाद भी भवन स्वामियों ने आवास खाली नहीं किया या फिर मरम्मत नहीं कराई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - राजीव कुमार राठी, एक्सईएन, नगर निगम