बरेली में परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देकर 60 लाख रुपये रंगदारी वसूलने के आरोपी डेयरी मालिक मोईनुद्दीन उर्फ मजनू को गिरफ्तार कर लिया गया। बृहस्पतिवार को उसे जेल भेज दिया गया।
बरेली में जमीन पर अवैध कब्जा कर परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देकर 60 लाख की रंगदारी वसूलने के आरोपी डेयरी मालिक मोईनुद्दीन उर्फ मजनू को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया। रोहली टोला निवासी आतिर अली खां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 891 वर्ग गज पैतृक जमीन में से 470 वर्ग गज का हिस्सा शाकिब को बेचा गया था। बाकी जमीन पर उनका गेट और ताला लगा है।
विज्ञापन
आरोप लगाया कि सूफी टोला निवासी डेयरी संचालक नसरुद्दीन, उसके बेटे मुस्तकीम उर्फ मुन्ना, भाई मोईनुद्दीन उर्फ मजनू, जफर, नईमुद्दीन, बबलू और आरिफ ने इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। आरोपियों ने दीवार तोड़ दी और विरोध करने पर 60 लाख रुपये रंगदारी मांगी। उन्होंने मना किया तो परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि डर की वजह से आतिर ने शाकिब और सैयद असद के जरिए 60 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। उनके पास इसका वीडियो भी है। आरोप लगाया कि रंगदारी की रकम लेकर भी आरोपियों ने प्लॉट खाली नहीं किया। कुछ समय बाद वह 20 लाख रुपये की और रंगदारी मांगने लगे। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि मोईनुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दा जा रही है।