भमोरा में कैमुआ मोड़ पर हुआ हादसा, एक बच्चे की हालत गंभीर
एक वैन भी हुई क्षतिग्रस्त, स्लीपर बस के ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार, रिपोर्ट दर्ज
आंवला। बरेली-बदायूं हाईवे पर भमोरा क्षेत्र के कैमुआ मोड़ पर बृहस्पतिवार सुबह बच्चों को लेकर जा रही सिटी पब्लिक स्कूल की बस मेें बदायूं की ओर से आई डग्गामार स्लीपर बस ने टक्कर मार दी। इसके बाद तेज रफ्तार बस पास में खड़ी वैन से टकरा गई। हादसे में 35 बच्चों को चोट आई है। इनमें एक बच्चे की हालत गंभीर है। हादसा करके भाग रहे स्लीपर बस के ड्राइवर और कंडक्टर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में स्कूल प्रबंधक की तहरीर पर भमोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे भमोरा इलाके के सिटी पब्लिक स्कूल की बस में चालक रामदास गांव लंगुरा, सरदारनगर, बढ़रई, चाड़पुर आदि के गांव के 35 बच्चों को लेकर स्कूल जा रहे थे। बस जैसे ही कैमुआ-चाड़पुर मोड़ से बरेली-बदायूं रोड पर आई तभी बदायूं की तरफ से आ रही तेज रफ्तार डग्गामार स्लीपर बस ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बच्चे एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे और उनमें चीखपुकार मच गई। वहीं हादसे के बाद अनियंत्रित हुई स्लीपर बस सड़क किनारे खड़ी वैन से जा टकराई। इससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बच्चों को बस से निकाला
बच्चों की चीखपुकार सुनकर आसपास खड़े ग्रामीण दौड़ पड़े और सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला। लगभग सभी बच्चों के चोट लगी थी, कोई कम घायल था तो कोई ज्यादा। ग्रामीण ही घायल बच्चों को लेकर आसपास के क्लीनिक पर पहुंचे और उनकी मरहम-पट्टी कराई। गुस्साई भीड़ ने स्लीपर बस के ड्राइवर और कंडक्टर को पकड़ने के बाद पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। दोनों वाहन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। इसी बीच बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना को लेकर नाराजगी जताई। स्कूल प्रबंधक विवेक सक्सेना की तहरीर पर पुलिस को घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
हादसा देख कांप गए ग्रामीण, बच्चे बेहोश हो गए
स्कूल बस में स्लीपर बस की टक्कर देखकर आसपास खड़े लोग कांप गए। ग्रामीण आरिफ ने बताया कि उनके सामने ही स्लीपर बस ने स्कूल बस में टक्कर मारी। बच्चों के घायल होने और हालात की कल्पना कर उनकी चीख निकल गई। घायल हुए 11वीं के छात्र कुलदीप यादव ने बताया कि टक्कर लगने के बाद वह बेहोश हो गए थे। जब होश आया तो क्लीनिक पर थे। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि उम्मीद ही नहीं थी कि जीवित बचेंगे। कक्षा नौ की छात्रा अंजलि ने बताया कि बस की जिस साइड में टक्कर लगी, वह उधर ही बैठी थीं। मौत उनको छूकर निकल गई। बस में सवार सभी बच्चों को चोट आई है। कक्षा नौ में पढ़ने वाली एक छात्रा का जबड़ा टूट गया है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नशे में था स्लीपर बस चालक, मौके पर लगा जाम
डग्गामार स्लीपर बस रिंकू ट्रेवल्स की थी, जो बरेली-जयपुर के बीच चलती है। बृहस्पतिवार सुबह बस जयपुर से सवारियां लेकर बरेली आ रही थी। बस के यात्रियों ने बताया कि ड्राइवर ने नशा कर रखा था और वह बहुत तेज बस चला रहा था। यही वजह रही कि मोड़ से आई स्कूल बस देखकर वह नियंत्रण नहीं रख सका और टक्कर मार दी। वहीं, हादसे के बाद बरेली-बदायूं रोड पर जाम लग गया। भमोरा पुलिस ने दोनों बसों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया।
बदायूं रोड पर स्कूल बस और निजी स्लीपर बस में टक्कर हो गई थी। इसमें कई बच्चों के चोट लगी है, एक बच्ची को ज्यादा चोट है। बस को कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। - राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात