तिलहर। क्षेत्र के गांव पिंगरा-पिंगरी निवासी साइकिल मिस्त्री श्रीकृष्ण (45) के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। उसका शव साइकिल की दुकान के बाहर गड्ढे में पड़ा मिला। शव से कुछ दूरी पर खून से सनी खुरपी और नमक की बोरी भी मिली है। ग्रामीणों की सूचना पर सुबह परिजन को हत्या की जानकारी हुई। मृतक के बेटे नेमपाल ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। माना जा रहा है कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद घटना को अंजाम दिया गया।
श्रीकृष्ण की पिंगरा-पिंगरी और उलैतापुर गांव के बीच में साइकिल की दुकान थी। दुकान के पास में ही मिट्टी के कच्चे कमरे में ही वह सोता था। मंगलवार सुबह उसका शव दुकान के बाहर गड्ढे में पड़ा मिला। उसके हाथ रस्सी से बंधे थे। मुंह में कपड़ा ठूंसा था। हमलावरों ने किसी भारी वस्तु से सिर पर कई वार करते हुए निर्ममतापूर्वक सिर कुचल दिया था। सुबह दुकान के सामने से निकले ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो परिजन को सूचना दी। उसके बाद श्रीकृष्ण का बेटा नेमचंद्र और छोटू मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के पुत्र नेमपाल ने गांव के मनीष और मझले उर्फ रजवीर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि रात लगभग 11 बजे उसकी बहन कविता दुकान पर पिता के पास गई थी। इसी दौरान उसने देखा कि गांव का मनीष और मंझिले उर्फ राजवीर शराब के नशे में उसके पिता श्रीकृष्ण के हाथ पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंस कर लाठी-डंडों से पीट रहे हैं। बताया कि आरोपियों ने डांटकर उसकी बहन को वहां से भगा दिया। घर आकर उसने डर के कारण कुछ नहीं बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। श्रीकृष्ण के परिवार में चार बेटे और पांच बेटियां हैं। संवाद
40 हजार रुपये लूट ले गए आरोपी
- श्रीकृष्ण ने दो दिन पहले ही अपना टेंपो 40 हजार रुपये में बेचा था। पत्नी विटरानी देवी ने बताया कि ये रुपये उसके पति के पास दुकान पर रखे थे। आरोप है कि रुपये भी हमलावर लूटकर ले गए हैं। पुत्र नेमपाल ने बताया कि आरोपी उनके पिता से रंजिश मानते थे। कुछ साल पहले दो लाख कीमत की चार भैंसे भी चोरी हो गईं थीं, जिसका शक भी मनीष और मंझिले उर्फ राजवीर पर था।
शव से कुछ दूरी पर मिली खून से सनी खुरपी
- श्रीकृष्ण के शव से कुछ दूरी पर खून से सनी एक खुरपी और एक नमक की बोरी पड़ी पाई गई है। चर्चा है कि हत्यारोपी श्रीकृष्ण के शव को गायब कर देना चाहते थे। श्री कृष्ण की खुरपी से हत्या किए जाने की आशंका है। वहीं आरोपी गड्ढे में शव दबाकर नमक डालकर शव गलाना चाहते थे। मगर किसी वजह से मौका न मिलने से वे ऐसा नहीं कर सके। पुलिस ने नमक की बोरी को कब्जे में ले लिया है।
-श्रीकृष्ण और दोनों आरोपियों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद श्रीकृष्ण की हत्या कर दी गई। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एस. आनंद, एसपी
रोते बिलखते मृतक श्रीकृष्ण के परिजन । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR