गोल्ड ट्रेडिंग के बहाने डॉक्टर को लगाया चूना
मोबाइल पर लड़की से दोस्ती, टेलीग्राम से लुटवाया
आंवला का एक युवक पढ़ाई के बाद डिजिटल मार्केटिंग से जुड़ गया था। उसके पास एक बार नए नंबर से कॉल आई और खुद को दिल्ली से बताकर एक युवती ने बात की। मोबाइल पर ही दोस्ती हो गई। उसी युवती ने टेलीग्राम का लिंक दिया और वहां चेन सिस्टम से मेंबर बनाने के नाम पर कमीशन की पेशकश की। युवक को अपने नीचे सदस्य बनाने में शुरू में कुछ रिटर्न भी मिला। बाद में करीब 15 लाख की रकम फंस गई। मामला अब साइबर थाने में है।
पचास फीसदी से ज्यादा ठगी टेलीग्राम पर
साइबर थाना प्रभारी नीरज सिंह बताते हैं कि जितनी रकम साइबर ठगी से उड़ाई जा रही है, उसमें आधे से ज्यादा ठगी के मामले टेलीग्राम के हैं। टेलीग्राम इन दिनों साइबर ठगों की पहली पसंद बन गया है। इस साल ठगी के सर्वाधिक मामले टेलीग्राम संबंधी दर्ज या ट्रांसफर हुए हैं। कई में जांच चल रही है। पांच लाख रुपये से ज्यादा रकम की साइबर ठगी के ही मामले उनके थाने में आते हैं। फिलहाल 61 मामलों में विवेचना चल रही है।
ये भी पढ़ें- Bareilly: सिविल सर्विस की तैयारी कर रही युवती के अश्लील फोटो बनाकर किए वायरल, तनाव में आई पीड़िता
लालच देकर फंसाते हैं शिकार
इन दिनों यह मार्केटिंग का बड़ा हब है। इसमें चैनल बनाने की भी सुविधा है। फिल्म प्रमोशन, स्टडी प्वाइंट से लेकर यहां काफी विकल्प हैं। साइबर ठग लोगों को नई व पोर्न फिल्मों के लिंक, लुभावने ऑफर के लिंक भेजकर चारा डालते हैं। इसमें अलॉव के ऑप्शन पर बढ़ते हुए लोग यह भूल जाते हैं कि उन्होंने साइबर ठगों को उनकी निजी जानकारियों को जानने का रास्ता खोल दिया है। गोल्ड ट्रेडिंग हो या शेयर आदि का काम, पहले लोगों को कमीशन या मेहनताने के रूप में रुपये भेजते हैं। भरोसा बढ़ने पर उनकी रकम हड़पकर संपर्क बंद कर देते हैं।
यहां से जानकारी निकलवाना ज्यादा मुश्किल
साइबर विशेषज्ञ एसआई शालू यादव बताती हैं कि टेलीग्राम में व्हाट्सएप की तरह इनक्रिप्टेड मेसेज (सूचना-सामग्री का विशिष्ट कोड में रूपांतरण) का सिस्टम नहीं है। यहां बड़ा ग्रुप बनाकर ज्यादा हैवी फाइलें भेजी जा सकती हैं। साइबर ठग इन्हीं फाइलों में वायरस भेज देते हैं जिससे ठगी की राह आसान हो जाती है। फेसबुक व व्हाट्सएप को लेकर साइबर पुलिस को आसानी से सूचनाएं मिल जाती हैं। इस एप से सूचनाएं निकलवाना मुश्किल है।
बरेली रेंज के आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि साइबर ठग कई तरीकों से ठगी कर रहे हैं। टेलीग्राम से ठगी के मामले भी इनमें शामिल हैं। साइबर थाना पुलिस को और अधिक सक्रियता बरतने का निर्देश दिया गया है। लोगों को भी जागरूक रहकर काम करना चाहिए।