मेडिकल स्टोर संचालक और डॉक्टर से डेढ़ लाख रुपये की साइबर ठगी
कैंट थाना क्षेत्र निवासी मेडिकल स्टोर संचालक के खाते से साइबर ठगों ने 48 हजार रुपये उड़ा दिए। वहीं, डॉक्टर के क्रेडिट कार्ड के जरिये खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल ली गई। कैंट थाने में दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इचौरिया निवासी दिनेश शर्मा ने कैंट थाना प्रभारी राजेश यादव को बताया कि वह गांव में ही मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। 16 अगस्त को अज्ञात शख्स ने उनके बैंक खाते से 48 हजार रुपये निकाल लिए। उन्हें रकम निकासी का मेसेज मिला तो धोखाधड़ी की जानकारी हो सकी। साइबर क्राइम पोर्टल पर उन्होंने तत्काल शिकायत दर्ज करा दी।
वहीं, नकटिया के डिफेंस कैंपस निवासी डॉ. एके सिंह ने थाना प्रभारी को बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड के जरिये साइबर ठगों ने पहले 20,650 व दूसरी बार में 76,239 रुपये उनके खाते से निकाल लिए। एके सिंह ने भी साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की। थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर क्राइम पोर्टल की ओर से मिली जानकारी के बाद दोनों पीड़ितों की ओर से कैंट थाने में मामला दर्ज कर लिया है, जांच करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।