रात भर में 25-25 हजार करके 31 बार में निकाले रुपये, थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज
बरेली। साइबर ठग ने रिटायर्ड एचसीपी (प्रोन्नत दरोगा) ओमप्रकाश पाल के खाते से पौने आठ लाख रुपये उड़ाए लिए। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के आदेश पर थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे सुभाषनगर की बीडीए कॉलोनी करगैना निवासी ओमप्रकाश पाल ने बताया कि 10 जून को सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने कहा कि वह ट्रेजरी से बोल रहा है और आपकी पेंशन का संबंधी डाटा डिलीट हो गया है। उस डाटा को अपडेट करा दीजिए, नहीं तो आपकी पेंशन रुक जाएगी। यह झांसा देकर फोन करने वाले ठग ने उनसे बैंक अकाउंट की डिटेल समेत अन्य जानकारी ले ली। इसके बाद रात करीब 11 बजे जब वह सो गए तो उनके बैंक खाते से 25-25 हजार करके 31 बार में पौने आठ लाख रुपये निकाल लिए। अगले दिन उन्हें घटना की जानकारी हुई तो वह बैंक पहुंचे और रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी जुटाई। उस जानकारी के साथ सोमवार को एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने सुभाषनगर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए।
बंद हुआ आरोपी का मोबाइल
ओमप्रकाश ने एसएसपी को वह नंबर भी बताया जिससे फोन करके उनसे पेंशन खाता संबंधी जानकारी मांगी गई। उन्होंने उस नंबर को सर्विलांस पर लगाने के आदेश दिए हैं लेकिन वह नंबर अब बंद हो गया है।
साढ़े पांच महीने में 350 लोगों के साइबर ठगों ने 1.17 करोड़ उड़ाए
बरेली। कारोना काल में साइबर ठगी के मामलों में करीब दो गुनी तक बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2020 में एसएसपी कार्यालय में 450 मामले साइबर ठगी के पहुंचे थे लेकिन इस बार साढ़े पांच महीने में ही 350 मामले पहुंच चुके हैं।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मौजूदा वर्ष में पहुंचे 350 मामलों में 282 का निस्तारण किया जा चुका है। इनमें से 241 मामले एटीएम कार्ड की धोखाधड़ी से संबंधित थे। इन सभी मामलों में साइबर ठगों ने 1.17 करोड़ रुपये का लोगों को चूना लगाया, जिसमें से 20 लाख रुपये वापस कराए जा चुके हैं। इसके अलावा 28 लाख रुपये का भुगतान बैंक से रुकवा दिया गया है और अब कोर्ट की अनुमति के बाद ये रुपये लोगों के खाते में वापस कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले साल 450 लोगों ने साइबर अपराध की शिकायत की थी लेकिन ये अपराध लगातार बढ़ रहा है इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। ऑनलाइन लेनदेन करते समय भुगतान से पहले क्रॉस चेक जरूर करें।