वैवाहिक वेबसाइट पर एक युवती ने बरेली निवासी युवक को सुनहरे भविष्य का झांसा देकर पचास लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। काफी समय बाद पीड़ित को समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो गया है। एसपी सिटी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में युवक की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
राधेश्याम एन्क्लेव निवासी युवक एक बड़ी कंपनी में अच्छे पद पर तैनात है। उसने एसपी सिटी से मिलकर बताया कि विवाह पंजीकरण व रिश्ते तय कराने वाली एक वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल रजिस्टर किया था। बेवसाइट पर मिली निशा अग्रवाल नाम की लड़की को युवक ने शादी का प्रस्ताव भेजा था। निशा ने अपना नंबर शेयर कर दिया तो युवक की उससे कॉल और मेसेज के जरिये बात होने लगी।
ये भी पढ़ें-
बरेली में मुठभेड़: रिटायर्ड लेखपाल का लापता पुत्र और दोस्त बरामद, पुलिस ने सात बदमाश दबोचे, तीन को लगी गोली
निशा ने बताया कि उसका परिवार बंगलूरू में रहता है, जबकि वह स्कॉटलैंड में ई-कॉमर्स मार्केट प्लेटफॉर्म में काम करती है। इसमें सामान को ऑनलाइन खरीदा व बेचा जाता है। निशा ने युवक से शादी पर सहमति जताई, लेकिन सुनहरे भविष्य के लिए दोनों लोगों की कमाई बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि उसकी कंपनी में निवेश करने पर वह हर ऑर्डर पर 15 से 20 प्रतिशत मुनाफा दिलवा देगी।
105 डॉलर का मुनाफा दिखाया फिर ठगा
युवक ने बताया कि झांसे में आकर उसने पहला ऑर्डर किया और निशा के कहने पर एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। निशा ने 105 डॉलर का मुनाफा दिखाया। इसके बाद युवक को उस पर भरोसा हो गया। निशा ने अपने पिता बताकर निवाश अग्रवाल और ताऊ शशि अग्रवाल से भी युवक की फोन पर बात कराई। तीनों ने झांसे में लेकर युवक से 11 ऑर्डर का भुगतान 46 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद भी निशा ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। उसने बहाने से दो लाख रुपये अपने क्रिप्टो बैलेट में डलवा लिए। काफी समय तक मुनाफा न मिलने से परेशान युवक ने रुपये मांगे तो उनसे 9517 डॉलर भेजने को कहा गया। पीड़ित ने परेशान होकर एसपी सिटी से शिकायत की थी। एसपी सिटी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- पत्नी की हत्या... साली को मारी गोली: इस बात से नाराज था सैन्यकर्मी, घर में घुसते ही जीवनसाथी पर बरसाईं गोलियां
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाह के लिए पंजीकरण कराते व अंजान लोगों से बात करते वक्त सावधानी बरतनी चाहिए। ठगी का शिकार हो भी जाएं तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 नंबर पर शिकायत करनी चाहिए।