Cyber ??fraud from lieutenant colonel and female constable
बरेली। साइबर ठगों ने बातों में फंसाकर लेफ्टिनेंट कर्नल और एक महिला सिपाही से ठगी कर ली। दोनों मामलों में थाना कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बिहार में हिलसा निवासी बद्रीनारायण सिन्हा मिलिट्री हॉस्पिटल में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 11 जनवरी की अपराह्न करीब तीन बजे एक व्यक्ति का फोन आया।
उसने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड विभाग से बताकर कार्ड अपडेट करने के लिए उनके मोबाइल पर आया ओटीपी पूछा। ऐसा दो बार किया और क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर उनके खाते से 1.09 लाख रुपये उड़ा लिए। ठगी की दूसरी घटना थाना कैंट में तैनात महिला सिपाही शामली के गांव जसाला निवासी सरिता के साथ हुई।
दो फरवरी को साइबर ठग ने उन्हें फोन किया और कहा कि उनके रिश्तेदार सेना में हैं। वह 15 हजार रुपये उनके खाते में ट्रांसफर करेंगे, आप निकालकर दे देना। सरिता उसके झांसे में आ गईं। अकाउंट नंबर चेक करने के नाम पर पहले उसने एक रुपया खाते में भेजने का मेसेज भेजा। उन्होंने जैसे ही उस मेसेज को खोला उनके खाते से पांच बार में करीब 40 हजार रुपये कट गए। सभी ट्रांजेक्शन तीन मिनट के अंदर हुए।