भोजीपुरा। एक किसान के बैंक अकाउंट से साइबर ठगों ने 27 बार में 1.80 लाख रुपये निकाल लिए। किसान जब जून माह में पासबुक पर एंट्री कराने गया, तब उसे जानकारी हुई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव दभौरा निवासी क्षेत्रपाल का उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा भोजीपुरा में खाता है। क्षेत्रपाल ने बताया कि वह 13 जून को अपनी पासबुक पर एंट्री कराने के लिए बैंक गए थे। पासबुक पर एंट्री करवाई तो पता चला कि खाते से 1.80 लाख रुपये निकले गए हैं। इसके बाद किसान ने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया, तब पता चला कि 22 जनवरी से पांच अप्रैल तक विभिन्न तिथियों में 1.80 लाख रुपये निकाले गए।
किसान ने बैंक से पूछा कि रुपये किन-किन खातों में ट्रांसफर हुए हैं तो बैंक यह बताने से इन्कार कर दिया। बैंक ने कहा कि पहले रिपोर्ट दर्ज करवाओ तभी पूरा ब्योरा पुलिस को बताएंगे। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी। संवाद