लोहड़ी मेला में डांस करते कपल।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
दूसरे दिन बेस्ट कपल, फैंसी ड्रेस आदि प्रतियोगिताएं हुई
बरेली। लोहड़ी मेले में पंजाब के ओसीपी भांगड़ा ग्रुप ने जलवा बिखेरा। बैंड की धुनों पर पंडाल के लोग झूमने लगे। महिला इकाई ने जूनियर बच्चों की सिंपल रेस समेत कई प्रोग्राम कराए। इसके अलावा फैंसी ड्रेस, बेस्ट कपल, वॉयस ऑफ बरेली आदि प्रतियोगिताएं र्हुइं।
दशहरा मेला ग्राउंड में लोहड़ी मेले के दूसरे दिन का उद्घाटन विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल ने किया। उन्होंने कहा कि लोहड़ी मेला पंजाब की संस्कृति से लोगों को रूबरू कराता है। ऐसे आयोजनों से समाज को बढ़ावा मिलता है। अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा ने कहा कि पंजाबी वेलफेयर सोसायटी समय-समय पर मेडिकल कैंप, पंजाबी प्रतिभाओं का सम्मान, निर्धन कन्याओं का विवाह और जाड़ों में गरीबों में कंबल वितरण आदि कार्यक्रम करती आई है। भविष्य में भी जनहित के कार्यक्रम जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सोसायटी दस निर्धन परिवारों के बच्चों को पढ़ाने का बीड़ा उठाएगी। महिला इकाई ने खेलकूद प्रतियोगिताएं कराईं, जिसमें गीता शर्मा, सीमा तनेजा, नीलू कुमार, ज्योति खुराना, हिना अरोरा, सुनीता मानिक टाला आदि का योगदान रहा। फैंसी प्रतियोगिता में विराज मिश्रा प्रथम, जय अरोरा द्वितीय और मनन अरोरा तृतीय रहे। बेस्ट कपल में 25 जोड़ियों ने हिस्सा लिया जिसमें मिस्टर एंड मिसेज उमंग सरपाल प्रथम, मिस्टर एंड मिसेज अरुण कुमार द्वितीय और मिस्टर एंड मिसेज सत्यम शुक्ला तृतीय रहे। मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए गिद्दा पंजाबी भागड़ा प्रोग्राम चलता रहा। खानपान और परिधानों के स्टालों पर दिनभर भीड़ लगी रही। मेले में अमृतसरी कुलचे और कचौड़ी ने लोगों को खूब लुभाया। आयोजन में बीके कोचर, एमएल अधलक्खा, विकास गुलाटी, परमीत महरोत्रा, जितिन दुआ, भूषण अरोरा आदि का सहयोग रहा।