बरेली। मथुरापुर के जमीयतुर्रजा इस्लामिक सेंटर पर होने वाले उर्स-ए-रजवी को लेकर जमात रजा मुस्तफा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यहां कुजीउलकुज्जात मुफ्ती असजद रजा खां कादरी की सरपरस्ती में उर्स मनाया जाएगा, जो उर्स प्रभारी सलमान मियां की सदारत में होगा।
आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी का उर्स बुधवार से शुरू हो रहा है। इसमें असजद मियां की सरपरस्ती में होने वाले उर्स की शुरुआत दरगाह ताजुश्शरिया पर सुबह कुरान ख्वानी से होगी। नातो मनकबत की महफिल के बाद हजरत इब्राहिम रजा खां (जिलानी मियां) का कुल शरीफ सुबह 7:10 बजे होगा। रात को नौ बजे से दरगाह पर होेने वाले जलसे में हजरत हामिद रजा खां का कुल शरीफ 10:35 बजे होगा। जमात के मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि उर्स की बाकी दो दिनों की तकरीब इस्लामिक सेंटर पर अदा की जाएंगी।