बरेली। गांधी जयंती पर कल्चरल एसोसिएशन की ओर से होने वाले रुहेलखंड महोत्सव का आगाज हो गया है। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर संस्था कार्यालय पर कवि सम्मेलन एवं मुशायरा आयोजित किया गया।
इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शायर मुख्तार तिलहरी रहे और अध्यक्षता साहित्यकार एवं पूर्व एमएलसी रमेश चंद्र शर्मा ‘विकट’ ने की। कवियों ने गांधी जी पर केंद्रित भावपूर्ण कविताएं और कलाम प्रस्तुत कर दर्शकों से वाहवाही लूटी। खास तौर से रमेश ‘विकट’ की यह पंक्तियां ‘कुछ तो ऐसा काम करो जिससे पहचान बने। निर्धन की आंखों का हर आंसू मुस्कान बने।’ बेहद सराही गईं। इसी क्रम में कमल सक्सेना, डा. महेश मधुकर, डा. शिव शंकर यजुर्वेदी, असरार नसीमी, आनंद पाठक, शाद शमसी, डा. रमा शंकर शर्मा प्रेमी, राम धनी निर्मल, बिशन स्वरूप शर्मा आदि ने काव्य पाठ्य किया। पूर्व में संस्था अध्यक्ष जेसी पालीवाल ने सभी ने स्वागत किया। संचालन रणधीर प्रसाद गौड़ धीर ने किया।
आज के कार्यक्रम
रुहेलखंड महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को संजय कम्युनिटी हाल में नृत्य, संगीत और नाटक का कार्यक्रम प्रात: 10 बजे से होंगे। इससे पहले प्रात: 9 बजे थाना इज्जतनगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा।