ऑडिट टीम ने जताई गबन की आशंका
चुनौती मूल्यांकन के लिए प्राप्त फीस 4,30,95,400 रुपये बीटेक के खाते में स्थानांतरित करना दिखाया गया, लेकिन बीटेक खाते में यह धनराशि प्राप्त नहीं हुई। इस मामले में ऑडिट टीम ने गबन की आशंका जताते हुए विश्वविद्यालय से स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि ऑडिट रूटीन प्रक्रिया है। इसमें उन्होंने जो आपत्तियां लगाई हैं, उसके साक्ष्य प्रस्तुत कर दिए जाएंगे। एक साल तक ऑडिट अवधि में किसी कारणवश साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके होंगे, लेकिन अब कमियों को पूरा करा दिया जाएगा।
बीएड प्रवेश परीक्षा को भी नहीं बख्शा
उप्र संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2022 से संबंधित रद्दी को कम दर पर बेच कर विश्वविद्यालय को 10.30 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है। जांच में पाया गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा उप्र संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा से संबंधित रद्दी परीक्षा फॉर्म और ओएमआर 2121 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेची गई थी।
जबकि, विश्वविद्यालय की परीक्षा से संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं की रद्दी 3232 रुपये, ओएमआर और परीक्षा फॉर्म की रद्दी 3202 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेची गई। संयुक्त प्रवेश परीक्षा की रद्दी को कम दर पर बेचने से 1081 रुपये प्रति क्विंटल की दर से विश्वविद्यालय को कुल 10,30,701 रुपये की क्षति हुई।