प्रतिमा लगाने को लेकर एक माह से चल रहा विवाद
जानकारी के मुताबिक गंगापुर गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर बीते एक माह से विवाद चल रहा था। इस बीच बाबा साहब के अनुयायियों ने प्रशासन की बिना अनुमति लिए ग्राम समाज की भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी। बुधवार देर रात तीन लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें तीन युवक बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: सात साल में हिस्ट्रीशीटर जुबैर ने बनाई अकूत संपत्ति, एक मकान पर चला बुलडोजर... चार और निशान पर
पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी होते ही बाबा साहब के अनुयायियों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी ताराचंद्र ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसमें गांव के ही कुछ लोगों पर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। जातिसूचक शब्द कहने और धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। सीओ गौरव सिंह ने बताया कि पांच लोगों को हिरासत में लिया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की जाएगी। गांव में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
शहर में प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की उड़ी अफवाह
शहर में कोतवाली के सामने अंबेडकर पार्क में लगी डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की अफवाह उड़ा दी गई। नवाबगंज की घटना के बाद कोतवाली क्षेत्र में इस तरह की खबर से अधिकारी सकते में आ गए। तत्काल ही पुलिस ने प्रतिमा का निरीक्षण किया तो पता चला कि यहां पार्क में शाम के समय बच्चे खेलने आते हैं।
उन्होंने कुछ हिस्से का पेंट छुटा दिया है। प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित मिली। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि प्रतिमा के पास अब पुलिस की नियमित ड्यूटी लगाई जाएगी। बरेली पुलिस महापुरुषों की प्रतिमा की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की है।