Crores of bets will take place on the India-Pakistan final
- फोटो : Crores of bets will take place on the India-Pakistan final
भारत-पाकिस्तान के बीच मैच हो तो क्रिकेट के दीवानों में जुनून देखते ही बनता है। आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के फाइनल मेें दोनों टीमों की टकराव दोनों देशों के लोगों के लिए रोमांच पैदा करने वाला है, तो क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले बुकी और एजेंट भी दांव लगवाने के लिए लोगों के संपर्क में हैं। बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर के बड़े सटोरिये ने भी इस मैच के लिए बरेली में अपने गुर्गों को तैयार किया है। क्रिकेट पर लगने वाले सट्टे के इनपुट के बाद पुलिस ने भी कमर कसी हैं। पूरे जनपद में संदिग्ध एजेंटों के नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। एसपी सिटी रोहित सिंह सचवाण ने भी थानों की पुलिस को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश जारी किए हैं। मोबाइल टीमों को लगातार गश्त करने और क्रिकेट पर सट्टे की खबर आते ही आलाधिकारियों को सूचित करके छापामारी करेंगी।
आईपीएल 20-20 के मैचों के दौरान सुभाषनगर, बारादरी, कोतवाली, प्रेमनगर, नवाबगंज और बहेड़ी मेें दर्जनों सटोरियों के ठिकानों पर छापेमारी करके पुलिस ने गिरफ्तारियां करके लाखों रुपये, मोबाइल और लैपटॉप बरामद किये थे। बहेड़ी के सट्टा किंग शाहरुख की गिरफ्तारी के बाद से सटोरियों के रैकेट खुलता चला गया था। जिसके बाद सुभाषनगर में डिप्टी एसपी के घर पर किराये पर रहने वाले तीन युवकों द्वारा सट्टा पकड़ा गया। क्राइम ब्रांच ने बारादरी के मॉडल टाउन में दो कारों के लैपटॉप और मोबाइल के जरिये लाखों के सट्टे का भंडाफोड़ किया था। सबसे बड़ा सट्टा बिहारीपुर चौकी की पुलिस ने किला क्षेत्र में पकड़ा, जिसमें शाहजहांपुर के सटोरियों का लिंक मिला था।
भारत का पलड़ा भारी
भारत पाकिस्तान के मैच में सट्टा का भाव एक रात पहले ही तय हो चुका है। सूत्रों की माने तो भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है, इसलिए उस पर दांव खुलकर लगाए जा रहे हैं। लेकिन कहते है न, क्रिकेट बाई चांस। सटोरियों के मुताबिक इस मैच मेें ऊंट किसी भी करवट बैठ सकता है। इसलिए हर बाल पर लाखों के बारिश होना तय है।