मोहल्ला जोगीनावादा में 21 वर्षीय किरण की लाश उसी के कमरे में बिस्तर पर पड़ी मिली। परिवार वालों ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की बात सामने आई है। जहर की संभावना की वजह से विसरा सुरक्षित रखवा दिया है। महिला के पिता ने पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पति के शक करने से भी वह परेशान रहती थी।
पीलीभीत की निरंजन कुंज कॉलोनी के शंकरलाल की 21 वर्षीय बेटी किरण की शादी 29 नवंबर 2014 को जोगीनवादा के रहने वाले बृजेश कुमार के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि बेरोजगार होने की वजह से बृजेश आए दिन उसे परेशान करता रहता था। किरण शादी के बाद एमए की पढ़ाई कर रही थी इसलिए उसके पास सहेलियों का आना-जाना लगा रहता था। आरोप है कि शक के कारण बृजेश ने पंद्रह दिन पहले ही किरण का मोबाइल तोड़ दिया था। पिछले दिनों किरण की एक सहेली पीलीभीत से मिलने आई तो बृजेश और किरण के संबंधों की खाई और गहरी हो गई।
शंकरलाल का कहना है शनिवार शाम को किरण का फोन आया था। उसने बताया कि बृजेश दुकान के लिए तीन लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। नहीं देने पर जान लेने की धमकी दे रहे हैं। शंकरलाल के अनुसार वह कलेक्ट्रेेट में अर्दली हैं। इतनी आमदनी भी नहीं है कि तुरंत तीन लाख रुपये दे दें। उन्होंने रविवार को उसके घर जाने की बात कहकर शांत किया। शंकरलाल से मुताबिक रविवार सुबह सात बजे किरण ने फोन करके पिता से कहा कि ससुराल वाले तीन लाख रुपये नहीं देने पर उसे मार डालेंगे। आधे घंटे बाद ही अंजान व्यक्ति ने फोन करके हत्या करने की सूचना दी। सुबह करीब नौ बजे शंकरलाल और उनके परिवार वाले पहुंचे तो पति बृजेश के अलावा मौके पर कोई मौजूद नहीं था। पति का कहना था कि किरण ने फांसी पर लटककर जान दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मायके वालों को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक कमरुल हसन ने बताया कि किरण के पिता की तहरीर पर पति, सास सुदामा, ससुर हरिराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।