सैनिक कालोनी में एक युवक ने पत्नी से विवाद के कारण जहर खाकर जान दे दी। युवक के पिता ने उसकी पत्नी और प्रेमी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है।
प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर को दी गई तहरीर में हरबंस लाल भाटिया ने बताया कि उनके बेटे योगेश भाटिया की शादी 11 जून 2015 को सोनी कश्यप निवासी केलाबाग थाना किला से हुई थी। वह एक दुकान में काम करता था। कुछ दिन बाद पति और पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा। पिता के अनुसार सोनी पति को बिना बताए संजीव त्रिपाठी के साथ बाहर चली जाती थी। आठ महीने पहले उसने घर और दहेज का सामान उनके बेटे की गैर हाजिरी में ले जाकर प्रेमी के अलखनाथ मंदिर के सामने स्थित घर में रख दिया और उसके साथ ही रहने लगी। पिता का आरोप है कि उनकी बहू सोनी ने कुछ दिन बाद बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर बेटे योगेश को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इससे उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। 24 अगस्त को सोनी ने पति योगेश को प्रेमी के घर बुलाया। वहां उसकी मां कमला देवी और भाई आशीष ने उससे मारपीट कर दो लाख रुपये पहुंचाने को कहा। बेटे ने घर आकर पूरी बात बताई तो वह लोग ससुराल वालों को समझाने गए।
पिता के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे बेटे के ससुराल वाले, बहू और उसका प्रेमी उनके घर आए। बेटे को कमरे में जबरन ले जाकर जहर खिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में ले लिया है।
युवक अपनी पत्नी से परेशान था। उसने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जाएगी।
-रामगोपाल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर कोतवाली