अति सुरक्षित माने जाने वाले सिविल लाइन इलाके में रात 10.30 बजे बरेली क्लब के सामने टहलने निकलने डॉक्टर का मोबाइल छीनकर लुटेरे बाइक से फर्राटा भरते हुए फरार हो गए। युवक लंबे समय से डॉक्टर की रेकी कर रहे थे। डाक्टर ने कोतवाली पुलिस को देर रात अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है। सिद्धि विनायक अस्पताल के एमडी डा. ब्रजेश्वर सिंह बरेली क्लब के सामने रोजाना टहलने जाते हैं। बृहस्पतिवार की रात 10.30 बजे भी वह रोजाना की तरह टहलने निकले। इसी बीच उनके मोबाइल पर किसी का फोन आ गया तो वह बात करने लगे। बाइक पर सवार दो लुटेरे काफी देर से उन पर नजर रखे हुए थे। वह सड़क के किनारे मोबाइल से बात करते हुए चल रहे थे कि इसी बीच दोनों बाइक सवार लुटेरों ने डॉक्टर के कान पर झपट्टा मारकर स्मार्ट फोन छीन लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक बाइक पर फर्राटा भरते हुए लुटेरे फरार हो गए। पीड़ित डॉक्टर ने देर रात कोतवाली पुलिस को अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी। सुरक्षित समझे जाने वाले बरेली क्लब के सामने अज्ञात लुटेरों की इस वारदात से यहां से गुजरने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।