पुराने शहर की रहने वाली शिक्षिका को व्हाट्सएप पर धमकी देकर प्रेमी ने कहा कि बात नहीं करोगी तो वह उसके अश्लील फोटो व्हाट्सएप पर डाल देगा। फोन उठाने में देरी होने पर भी गालियां देने लगता है। कहता है हर ढाई घंटे में तू मुझसे बात करती रह, वरना अंजाम अच्छा नहीं होगी। 2020 तक मुझे हर हाल में झेलना ही है। बहन की शादी होने के बाद वह उसका पीछा छोड़ देगा।
सोमवार को शिक्षिका ने प्रभारी निरीक्षक को बताया कि वह बीपीएड होेने के साथ अच्छी खिलाड़ी है। शहर के एक मशहूर कॉन्वेंट स्कूल में कोच के रूप में बच्चों को ट्रेनिंग देने के दौरान 2008 में उसकी दूसरे समुदाय के रवीश नाम के लड़के से मुलाकात हुई। यह मुलाकात कुछ ही दिनों में प्यार में बदल गई। 2009 में उसे नौकरी मिली तो आरोपी युवक उससे शादी करने का झांसा देकर रुपये लेता रहा। इसका उसने कभी हिसाब नहीं लगाया। उसने कभी सोचा भी नहीं था कि यह नौबत भी आएगी। जॉब लगने के बाद उसे विश्वास दिलाने के लिए आरोपी उसके खाते में रुपये डाल देता था। उसने उसके खाते में करीब पांच लाख रुपये डाले। शादी की बात कहने पर वह टाल देता था। जबकि शारीरिक संबंध बनाता रहता था। उसने आरोपी को खाते के जरिए और नकद करीब ढाई लाख रुपये लौटा दिए। शिक्षिका के मुताबिक बाद में उसे पता लगा कि आरोपी मुंबई में डांस ग्रुप चलाता है। वह लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण करता है। आरोपी ने उसके सादे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। कई जगह धमकाकर अंगूठे भी लगवाए। अब वह उसे व्हाट्स एप पर मैसेज भेजकर धमकाकर ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी का कहना है कि तुम उससे बात नहीं करोगी तो वह अश्लील फोटो इंटरनेट पर डाल दूंगा। पीड़िता ने रोते हुए आरोपी से पीछा छुड़ाने की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक कमरुल हसन ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी होने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लेनदेन के विवाद ने रिश्ता तोड़ दिया
-शिक्षिका और उसके प्रेमी के बीच सब कुछ तय हो चुका था। शिक्षिका ने बताया कि शादी के लिए प्रेमी धर्म परिवर्तन के लिए तैयार हो गया था। इसी बीच उसने बात-बात पर शक करना शुरू कर दिया। नौकरी में मीटिंगों में जाते वक्त भी उसकी कॉल बार-बार आती रहती थी। फोन न उठाने पर वह आग बबूला हो जाता था। उसने आरोप लगाने शुरू कर दिए कि तुम किसके पास रहती हो। विरोध करने पर पैसों के लेकर झगड़ने लगा। उसने यह तक धमकी दी कि वह उस पर नौकरी के नाम पर बीस लाख रुपये लेने का आरोप लगाकर फंसा देगा। इसके बाद रिश्ते में दरार पड़ती गई। अब तो वह उससे कोई रिश्ता रखना ही नहीं चाहती है। उसका जो पैसा है, वह सब देने को तैयार है।