लाल फाटक की ओर से बरेली आ रहा बेकाबू ट्रक एक साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचलते हुए सेना भर्ती कार्यालय की दीवार से जा टकराया। साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दीवार को टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने ट्रक को सील कर दिया, शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कैंट के चौबारी गांव निवासी 60 वर्षीय कृष्ण पाल हेड पोस्ट ऑफिस में संविदा पर काम करते थे। वह शुक्रवार दोपहर को पोस्ट ऑफिस से घर जाने को साइकिल से सवार होकर निकले। वह पोस्ट आफिस से थोड़ी दूर ही पहुंच पाए थे तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है
पोस्टआफिस में काम करते थे बुजुर्ग
कृष्ण पाल हेड पोस्ट आफिस के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। अच्छा काम करने के कारण सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें विभाग ने संविदा पर रख लिया था। बताते हैं कि वह पोस्टआफिस में काम कर वापस घर जा रहे थे।