Try to spoil the atmosphere by throwing meat in the temple
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
मोहल्ला सिंह गौंटिया के दुर्गा मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के सायंकालीन आयोजन की तैयारी के बीच बृहस्पतिवार को अराजकतत्वों ने मांस फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की। बाइक सवार दो युवक मंदिर के मेन गेट से मांस के अवशेष गिराते हुए मंदिर प्रांगण तक पहुंच गए। एक युवक ने यह देख शोर मचाया तो आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए। इस बीच बाइक से वहां पहुंचे दो अन्य युवकों को भीड़ ने पकड़कर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। घटना को लेकर तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मंदिर की धुलाई कराकर कथा आरंभ करा दी गई।
भमसेन स्थित दुर्गा देवी मंदिर पर तीन दिन से जारी श्रीमद्भागवत कथा के लिए शाम करीब साढे़ सात बजे आयोजक तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के दो युवक एक काले रंग की बाइक पर सवार होकर मंदिर के मेन गेट पर पहुंचे। थैलियों में रखे मांस के अवशेषों को वह मंदिर के मेन गेट से गिराते हुए मंदिर प्रांगण तक पहुंच गए। एक युवक बाइक पर चला गया, जबकि दूसरा युवक थैली लेकर मंदिर के कपाट की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान देवेंद्र की नजर उस पर पड़ी। उसने शोर मचाया तो थैली पकड़े युवक भागकर बाइक पर बैठ गया। जब तक वहां मौजूद लोग उसे पकड़ते, यह दोनों बाइक लेकर सिंह गौंटिया वाले रेलवे क्रासिंग की ओर फरार हो गए। इस बीच दूसरी बाइक पर सवार सकरस गांव के दो युवक वहां पहुंच गए। भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। मंदिर में मौजूद लोगों का आरोप है कि जिस जगह मांस फेंका गया था, वहीं पर जाकर ये युवक हंस रहे थे। वह भी इस साजिश में शामिल हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अमरनाथ वर्मा मौके पर दलबल के साथ पहुंचे। मांस के अवशेषों को उठवाया गया। इसके बाद मंदिर प्रांगण की गंगाजल से धुलाई कराई गई। पुलिस दोनों युवकों को थाने ले आई, जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों मेें गुस्सा है।
मांस के अवशेष हटवाकर धुलाई कराई गई। किसी तरह का तनाव नहीं है। पकड़े गये युवकों से पूछताछ की जा रही है। मौके पर पुलिस की एक टीम रात भर गश्त करेगी। -अमरनाथ वर्मा, इंस्पेक्टर बहेड़ी