आईओसी और भारत पेट्रोलियम डिपो के टैंकरों से डीजल-पेट्रोल चुराकर उसकी कालाबाजारी करने के धंधे पर साल पहले हुई बड़ी कार्रवाई के बाद भी तेल माफिया का यह खेल बंद नहीं हुआ। बुधवार को भमोरा के मकरंदपुर धाराजीत गांव में पुलिस और प्रशासन की टीम ने छापा मारा तो फिर भारी मात्रा डीजल-पेट्रोल बरामद हुआ। गांव के भगवानदास लोधी की दुकान का शटर तोड़कर पुलिस ने पेट्रोल और डीजल से भरे 13 ड्रम बरामद किए, जिसमें अधिकारियों के मुताबिक 2970 लीटर तेल भरा हुआ था। हालांकि पुलिस-प्रशासन की पूरी कार्रवाई सिर्फ तेल बरामदगी तक सीमित रही। तेल माफिया छापामारी से पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एसडीएम आंवला मामता मालवीय, सीओ आंवला अशोक कुमार ने बदायूं मार्ग के मकरंदपुर धाराजीत गांव में भगवानदास लोधी की दुकान में छापामारी की। दुकान का शटर बंद था। पुलिस ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुई। यहां करीब 24 ड्रम पुलिस को मिले। जिसमें 11 ड्रम खाली थे, जबकि 13 ड्रम में तेल भरा हुआ था। इनमें से दो ड्रमों में पेट्रोल भरा था जबकि 11 ड्रम में डीजल बरामद हुआ। पुलिस ने सभी ड्रम जब्त करने के बाद भमोरा थाने में रखवा दिए। सीओ आंवला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह तेल आईओसी और भारत पेट्रोलियम के डिपो से तेल लेकर निकलने वाले टैंकरों से चोरी किया गया है। इस मामले में भमोरा निवासी चंचल गुप्ता, चौपुला निवासी कल्लू उर्फ सुंदर सिंह, खेड़ा निवासी रामप्रकाश और दुकान के मालिक भगवानदास को नामजद किया गया है। पुलिस की छापामारी में प्लास्टिक की कई जरीकेन के साथ तेल को ड्रम से ट्रांसफर करने के उपकरण भी मिले। जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। एक पाइप मिला, जिसमें आगे वाल्व लगा हुआ था। पुलिस ने आसपास की दुकानों की भी जांच की।
- छापामारी में 13 ड्रमों में 2 हजार 970 लीटर अवैध तेल बरामद किया गया है। डीएम की अनुमति मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - ललित श्रीवास्तव, पूर्ति इंस्पेक्टर
- एसडीएम की सूचना पर पुलिस के सहयोग से छापामारी की गई है। बड़ी मात्रा में अवैध तेल भंडारण मिलने से बड़ी सफलता मिली है। - अशोक कुमार सीओ आंवला