टोल प्लाजा पर तौल का बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया है। टोल का मोबाइल कांटा 2.60 टन अधिक वजन बता रहा था जिसे बाटमाप विभाग ने अपनी जांच में पकड़ लिया। दरअसल यह खेल इसलिए किया गया ताकि ओवरलोड वाहनों से अधिक जुर्माना वसूला जा सके। गड़बड़ी पर 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
बाट माप विभाग की सहायक नियंत्रक स्वाति कौशिक ने फतेहगंज पश्चिमी स्थित ठिरिया खेतल टोल प्लाजा पर संचालित मोबाइल तौल यंत्र चेक कराए। वरिष्ठ निरीक्षक विवेक कुमार ने तकनीकी टीम के साथ फिक्स और मोबाइल तौल यंत्रों की शुद्घता मापी तो ढाई टन से ज्यादा की हेराफेरी मिली। सबसे पहले मोबाइल यंत्र चेक हुआ। एक वाहन मोबाइल पर तुलवाया गया तो 33,780 किलो वजन मिला, इस वाहन को टोल प्लाजा के किनारे लगे तौल यंत्र पर ले जाकर वजन कराया तो 31,180 किलो पाया गया। इस तरह एक टोल प्लाजा पर संचालित दो तौल यंत्रों पर 2.60 टन तक वजन में फर्क मिला।
सहायक नियंत्रक ने बाट माप अधिनियम के तहत टोल प्लाजा पर 60 हजार रुपये जुर्माना किया। वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि प्रबंधन ने जुर्माना जमा कर दिया है। बताया कि सभी टोल प्लाजा पर इस तरह हेराफेरी हो रही है। क्योंकि मोबाइल यंत्र से ओवरलोड वाहन तौल कराए जाते हैं, वजन के अनुसार ही टोल शुल्क वसूली होती है। पिछले दिनों टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों से वजन अनुसार शुल्क वसूली व्यवस्था शुरू हुई थी। इस तरह दो टन वजन में ही टोल शुल्क में भारी अंतर हो जाता है।