बरेली। डेढ़ महीने पहले मायके से ससुराल जाते वक्त बरेली से लापता हुई युवती को पुलिस मोहाली से बरामद करके यहां ले आई। आईजी जोन विजय सिंह मीना ने शुक्रवार को युवती की मौजूदगी में प्रेस कांफ्रेंस करके स्पष्ट किया यह युवती वह नहीं है, जो कथित गैंगरेप के वायरल हुए वीडियो में है। दोनों का चेहरा जरूर मिलता-जुलता है। प्रेस कांफ्रेंस में युवती का प्रेमी और उसी से जन्मी चार महीने की बेटी भी थी। 23 नवंबर को पीलीभीत से आने के बाद बरेली से युवती ने चंडीगढ़ की बस पकड़ी थी, तब से वह प्रेमी के साथ मोहाली में रह रही थी। प्रेस कांफ्रेंस के बाद युवती को पीलीभीत ले जाया गया, वहां सीजेएम की अदालत में उसने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। अदालत ने युवती को इसके लिए स्वतंत्र कर दिया तो सुनगढ़ी थाना पुलिस ने युवती को प्रेमी के साथ भेज दिया।
गैंगरेप का वीडियो मिलने के बाद घर वालों की तहरीर पर पांच जनवरी को अपहरण और बलात्कार का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही सुनगढ़ी थाने के इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया था। इस वीडियो के बारे में पड़ताल कराने के साथ ही एसटीएफ ने युवती की लोकेशन सर्विलांस से पता कर ली और उसे मोहाली में बुढै़ल कॉलोनी से उसके प्रेमी विक्की उर्फ गुरप्रीत के साथ बरामद कर एसटीएफ बृहस्पतिवार रात यहां लेकर आ गई। शुक्रवार को आईजी ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस की। प्रेस कांफ्रेंस में युवती ने भी कहा कि वायरल हुआ अश्लील वीडियो उसका नहीं है, न ही उसका अपहरण हुआ था। वह स्वेच्छा से ही चंडीगढ़ गई थी। विक्की को वह अच्छी तरह जानती है और उसी के साथ रहना चाहती है। विक्की ने बताया कि वह मोहाली में मोबाइल की दुकान चलाता है। वहीं पर युवती का पति मजदूरी करता है। दुकान पर आने जाने के दौरान ही इस युवती से उसकी जान पहचान हो गई थी। वह पिछले तीन साल से संपर्क में था। विक्की शादीशुदा होने के बाद भी युवती से दूसरी पत्नी करने को तैयार हो गया था। युवती का कहना था कि बदायूं में उसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हुई थी।
000000000
टीम को मिला दस हजार इनाम
आईजी ने युवती को बरामद करने वाली टीम का उत्साहवर्धन करते हुए दस हजार रुपये का इनाम दिया है।
00000000000
कॉल डिटेल से पहले विक्की तक पहुंची पुलिस
लापता युवती के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर कॉल डिटेल निकाली गई तो पता चला कि युवती ने 23 नवंबर को चंडीगढ़ के विक्की के मोबाइल पर दो बार कॉल करके बात की थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इसी कॉल डिटेल के माध्यम से पुलिस विक्की तक पहुंची और युवती को बरामद कर लिया।
0 बॉक्स
छह फरवरी को चैनल पर चल चुका है वीडियो
आईजी ने बताया कि वीडियो क्लिप की छानबीन की गई तो पता चला कि क्लिप के कुछ अंश छह फरवरी 2015 को एक टीवी चैनल पर प्रसारित हुए थे। इसके बाद आंध्र प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया था। आईजी का दावा है कि क्लिप तेलुगु भाषा में वायरल हुई है। वहां की सामाजिक कार्यकर्ता सुनीता कृष्णनन ने फेसबुक के माध्यम से सोशल मीडिया पर अभियुक्तों को चिन्हित करने की मांग की थी।