रूठकर मायके चली गई पत्नी को मंत्र की शक्ति से ससुराल वापस लाना हो या कच्चे मकान को पक्के घर में बदलना। ऐसे ही कई चमत्कार करने का दावा करने वाला एक ढोंगी बाबा तीन लोगों को ठगी का शिकार बना गया। तिलियापुर के तीन ग्रामीणों से आठ हजार रूपए की ठगी करने वाले बाबा को रविवार को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सब्जी मंडी में ठग को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उसकी सरेबाजार पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। ठगी का शिकार महिला ने पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस पूछताछ में ढोंगी बाबा ने खुद को नवाबगंज के फरीदापुर गांव का निवासी सुरेश बताया है। गांव तिलियापुर में ठगी की घटना बीते साल 15 दिसंबर को हुई। ग्रामीण पप्पू की पत्नी सुनीता ने बताया कि 15 दिसंबर की दोपहर एक बाबा उनके घर आया। सुनीता की बेटी ने बाबा को पानी पीने को दिया, उस पानी को बाबा ने दोनों के ऊपर मंत्र पढ़कर छिड़का जिससे दोनों कुछ देर के लिए बेहोश हो गई। बताया कि बाबा ने सुनीता के कच्चे मकान को पक्का बनाने के लिए विशेष पूजा कराने को कहा। जिसके लिए उससे 6500 रूपए ले लिए। इसी तरह ढोंगी ने दिनेश कुमार से पत्नी निर्माला को मनाकर ससुराल लाने की पूजा कराने का झांसा देक 700 रूपए ऐंठे। एक अन्य ग्रामीण रघु से धन संपदा बढ़ाने के नाम पर ढोंगी 800 रूपए ले गया। पुलिस ने जांच कर ठग के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।