फरीदपुर। घर के पास रास्ते में खड़ी किशोरी को मीरगंज इलाके के दो युवक सोमवार शाम बाइक पर जबरन बैठाकर जंगल में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। किशोरी के शोर मचाने पर आए ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
इलाके के गांव के एक ग्रामीण की पुत्री सोमवार शाम घर के पास रास्ते पर खड़ी थी। आरोप है कि मीरगंज थाने के गांव दियोरनिया निवासी अजहर अपने एक साथी के संग बाइक से वहां आया। आरोप है कि अजहर ने अपने साथी की मदद से किशोरी को जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और अगवा कर जंगल में ले गए। गांव से कुुछ दूर रामनगर और धीरपुर के बीच अजहर और उसके साथी ने किशोरी के साथ सामूहिक बलात्कार किया। विरोध करने पर उससे मारपीट भी की। किशोरी ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अजहर और उसके साथी को पकड़ लिया। इसी बीच किसी ने अजहर के पिता को सूचना दे दी कि उसकी हत्या कर दी गई है। अजहर के पिता ने 100 नंबर पर कॉल करके पुलिस को अजहर के साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस रामनगर पहुंच गई। ग्रामीणों के हाथों से उनको छुड़वा लिया और अपनी हिरासत में ले लिया। अजहर और उसके साथी को पुलिस कोतवाली ले आई। किशोरी के पिता ने दोनों के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
निकाह की बात भी चली
बताते हैं कि किशोरी और अजहर एक दूसरे को पहले से जानते हैं। सोमवार को घटना के बाद मंगलवार को दिन भर दोनों पक्ष के लोगों की थाने में भीड़ लगी रही। कुछ लोग समझौता कराने की कोशिश भी करते रहे। अजहर पक्ष के लोगों ने निकाह कराने की बात भी चलाई, हालांकि लड़की पक्ष ने इसे खारिज कर दिया।