गंगापुर में कच्ची शराब पीने गए युवक का शव रविवार शाम छह बजे संदिग्ध अवस्था में बरामद होने के बाद परिवार ने पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। गुस्साये परिवार के लोग जिला अस्पताल में स्टाफ से भिड़ गए और शव को अपने कब्जे में ले लिया। बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करनी चाही तो पीड़ित परिवार ने कार्रवाई से इंकार कर दिया।
सिकलापुर स्थित दिनेश नर्सिंग होम के पास रहने वाले राजू उर्फ रमिया रोडवेज बसों में सामान बेचने का काम करता था। रविवार शाम करीब 3.30 बजे वह गंगापुर में शराब पीने के लिए गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी और ढूंढना शुरू किया। हालांकि शाम छह बजे तक राजू की लाश एक गिरजाघर के पास से बरामद हुई। उसके सिर में गहरा घाव था और पैर की नस कटी हुई थी। शव को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचा दिया, लेकिन बाद में परिवार के लोग शव को अपने साथ ले गए। राजू के छोटे भाई रवि ने रंजिश से इंकार किया। बारादरी थाने के इंस्पेक्टर राजेश यादव के मुताबिक परिवार कार्रवाई नहीं चाहता था।