बरेली। फर्जीवाड़ा करने वाले आयकर विभाग को भी चूना लगाने से नहीं चूक रहे हैं। पिछले दो साल के दौरान आयकर विभाग ने आयकर रिटर्न में फर्जी पता दर्ज कराकर रिटर्न दाखिल करने वाले बरेली के 33 लोगों का खुलासा किया है। स्थानीय आयकर आयुक्त कार्यालय में रिटर्न के आधार पर पेन कार्ड तथा अन्य स्तर से कार्रवाई के लिए सही पते नहीं मिले तो यह प्रकरण इनकम टैक्स विभाग की इंटेलिजेंस एवं क्राइम ब्रांच को सौंप दिए हैं।
इस मामले में आयकर विभाग की लखनऊ स्थित खुफिया एवं अपराधिक शाखा के आयकर अधिकारी सीएल चतुरिया ने बरेली के पुलिस एवं प्रशासन की मदद मांगी है। पता लगाने पर ही इस मामले में रिटर्न दाखिल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी यह मदद मांगी कि थानों से इन व्यक्तियों के सही पतों की जानकारी करा दी जाए। इसी तरह रजिस्ट्री डीड के आधार पर भी जिले के सभी छह सब रजिस्ट्रार तथा वाहनों के नंबरों का उल्लेख करते हुए आरटीओ से पते मांगे गए हैं।
बताते हैं कि आयकर विभाग की क्राइम एवं इंटेलिजेंस यूनिट ने आईवीआरआई निवासी रवि मल्होत्रा, सिकलापुर निवासी लक्ष्मीदेवी, सिविल लाइन निवासी मनमोहन सिंह, मुड़िया जागीर निवासी मोहम्मद जिलानी, रिठौरा निवासी मोहम्मद जकी, नवदिया निवासी विमलेश देवी, हारु नगला निवासी श्याम लाल शर्मा, रिठौरा के रामधुन, ठिरिया निजावत खां निवासी सरबर अली खान आदि के बारे में जानकारी मांगी गई है।