थाना भोजीपुरा के पीपलसाना चौधरी गांव में नल का हत्था पकड़ते ही बरेली कॉलेज के छात्र जवान बेटे शाहनवाज खां की चीख निकली और जान चली गई। उसने नहाने के लिए मोटर चलाया था। इस दौरान नल पर बिजली का करंट दौड़ने लगा। हादसे से टेलर के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ग्राम पीपलसाना चौधरी निवासी साबिर खां की नैनीताल रोड पर मॉडन टेलर के नाम से दुकान है। टेलर ने घर के आंगन में ही नल के पास मोटर लगा रखी है। बुधवार को सुबह 11 बजे टेलर का 20 वर्षीय शाहनवाज खां मोटर चलाने के बाद नहाने के लिए के पास पहुंच गया। उसने जैसे ही नल का हत्था पकड़ा करंट लगने से चीख निकली और जमीन पर गिर गया। पड़ोस के दुकानदार अहमद अंसारी ने छत पर चढ़कर बिजली का तार हटाया। शाहनबाज की मौत तो मौके पर ही हो चुकी थी, लेकिन परिवार वाले फिर भी उसे एसआरएमएस लेकर पहुंच गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का बड़ा भाई इमरान जयपुर में काम करता है। भाई की मौत की खबर मिलते ही वह वहां से चल दिए हैं। देर रात को इमरान के आने के बाद बृहस्पतिवार को शाहनबाज के शव को सुपुर्दे खाक कि या जाएगा। जवान बेटे की मौत से टेलर उनकी पत्नी फरहाना का बुरा हाल है। भाई शाहनवाज की लाश के पास बैठी बहन सिम्मी, हिना, मन्नो और अल्लों के आंसू नहीं थम रहे हैं। एसओ जेपी यादव ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है। परिवार वाले चाहते तो शव का पोस्टमार्टम करा दिया जाता।
सेना में जाने का सपना था
ग्राम रम्पुरा माफी निवासी बहनोई सलीम खान ने बताया कि बरेली कॉलेज में बीए के छात्र शाहनवाज खां का सेना में भर्ती होने का सपना था। इसीलिए उसने एनसीसी हाईस्कूल से ही ज्वाइंन कर लिया था। वह सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहा था। निजी विश्वविद्याय ने हाल में जो मैराथन कराई थी, उसमें भी शाहनवाज को अच्छी सफलता मिली थी।