पति की मौत के बाद घर खर्च चलाने के लिए देवर का दिया गया ट्रक हड़पने और फरियाद दर फरियाद पर भी सुनवाई नहीं होने से आजिज शेरगढ़ की शमशुल निशा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। होमगार्ड और वहां मौजूद अन्य लोगों की मुस्तैदी से वह अपने को आग नहीं लगा पाई लेकिन परिसर में हड़कंप जरूर मच गया। कुछ लोगों ने उनसे बात की तो पता चला कि थाने से लेकर मुख्यमंत्री तक फरियाद करने के बाद भी उसकी शिकायत किसी ने भी नहीं सुनी। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई। जंक्शन रोड चौकी इंचार्ज संतकुमार की तरफ से शमशुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया है। उधर, जिलाधिकारी ने मामले की जांच एडीएम प्रशासन को सौंप दी है और उचित मांगों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
अपने साथ आत्मदाह की चेतावनी संबंधी पत्र साथ लेकर शमशुल निशा ने बताया कि उसके पति रईस अहमद का 20 मई 2014 को इंतकाल हो गया। उसके बाद शमशुल ने अपना ट्रक अपने देवर को 20 हजार रुपये प्रतिमाह पर दे दिया। साथ ही ट्रक का रोड टैक्स, टूट-फूट सही कराने की जिम्मेदारी भी देवर की तय हुई। आरोप है कि देवर ने अभी तक कोई रुपया नहीं दिया और गाड़ी के कागजात भी छीनकर ले गया। उसकी जवान बेटियों में देवर के परिचित युवक गंदी निगाह डालते हैं, मोबाइल से तस्वीर खींचते हैं। पैसा मांगने पर देवर मारता पीटता है। इस संबंध में वह शेरगढ़ थाना में तीसरी बार शिकायत लेकर गई तो वहां प्रतिवादी के रिश्तेदार पूर्व चेयरमैन बैठे थे और उन्होंने गालीगलौज कर भगा दिया। पुलिस मूकदर्शक बनई बनी रही। एसएसपी, डीआईजी, आईजी और एडीएम के अलावा गत नौ जनवरी को मुख्यमंत्री को भी फैक्स से शिकायत भेजी लेकिन कोई न्याय नहीं मिला। उसकी मांग है कि उसे रोड टैक्स जमा कराकर चालू हालत में ट्रक और बकाया छह माह का किराया दिलाया जाए। कलेक्ट्रेट के सामने आत्मदाह की कोशिश करने वाली शमशुल को महिला पुलिस गिरफ्तार करके कोतवाली ले आई। यहां उसके खिलाफ आत्महत्या की कोशिश करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करके जमानत पर रिहा किया गया। प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह ने बताया कि जमानती धारा थी, इसलिए जमानत देकर मां के साथ भेज दिया गया।
शमशुल निशां का परिवार के लोगों से ही विवाद है। उन्होंने तहरीर देने पर एसओ शेरगढ़ को मुकदमा लिखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कह दिया है।
राजीव मल्होत्रा, एसपी सिटी
शमशुल निशां के मामले की जांच एडीएम प्रशासन को दे दी गई है। महिला की उचित मांग को समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। कोई अड़ंगा डालता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कराए जाएगी।
संजय कुमार, डीएम