मूरतगंज (ब्यूरो)। मददगार बनकर एक उचक्के ने सोमवार को मूरतगंज एटीएम से पन्नोई गांव की महिला के खाते से 15 हजार रुपये उड़ा दिए। इसकी जानकारी होते ही महिला के होश उड़ गए। उसने तत्काल घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक और इलाकाई पुलिस को दी। मूरतगंज चौकी पुलिस उचक्के की तलाश में जुटी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के पन्नोई गांव निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि सोमवार को दिन में करीब 11 बजे वह अपनी नानी को लेकर मूरतगंज एटीएम पैसे निकालने गया था। बताया कि एटीएम में कई बार कार्ड लगाने के बाद भी वह पैसा नहीं निकाल पा रहा था। आरोप है कि वहीं एटीएम बूथ पर एक अन्य युवक भी मौजूद था, उसने पैसा निकालने में मदद का बहाना बनाकर उसके खाते से 15 हजार रुपये निकाल लिया। फिर यह कहते हुए एटीएम बूथ से पैसे लेकर निकल भागा कि यह पैसा उसने अपने खाते से निकाले हैं। बाद में जब उसने फिर से नानी के कार्ड से पैसे निकाले, तो उसे 15 हजार रुपये की धोखाधड़ी की जानकारी हुई।
खाते से पैसे निकाल लिए जाने की शिकायत भुक्तभोगी ने तत्काल शाखा प्रबंधक को दी। साथ ही मूरतगंज चौकी पुलिस को भी घटना से अवगत कराया। चौकी पुलिस उचक्के की तलाश में जुटी। साथ ही उसके का पता लगाने के लिए बैंक के कर्मचारी और पुलिस वालों ने सीसीटीवी कैमरे का भी सहारा लिया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उचक्के का कोई सुराग पुलिस लगा नहीं सकी थी। उधर, एटीएम बूथ पर दिनदहाड़े उचक्के द्वारा महिला के खाते से 15 हजार रुपये उड़ाने की घटना सुनकर लोग सन्न रह गए।