बुधवार शाम शोहदे ने बीकॉम की छात्रा को खींचने की कोशिश की तो हंगामा हो गया। वह उसे जबरन अपने साथ ले जाना चाहता था। विरोध करने पर उसके चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी भी दी। उसने मोबाइल नंबर भी मांगा न देने पर हाथ पकड़कर खींचने लगा। छात्रा ने किसी तरह भागकर धर्मस्थल पहुंचकर जान बचाई। छात्रा के घर वाले थाने पहुंच गए। उन्होंने हंगामा किया तो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमनगर इलाके की रहने वाली छात्रा अवंतीबाई डिग्री कॉलेज की बीकाम की छात्रा है और कोहाड़ापीर चौकी के पास एक दुकान पर नौकरी करती है। बुधवार शाम करीब 8.30 बजे वह ड्यूटी निपटाने के बाद पैदल ही घर की तरफ जा रही थी। रास्ते में फय्याज बिल्डिंग के पास रहने वाले दानिश नाम के युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया। वह मोबाइल नंबर मांगने लगा। छात्रा ने इसका विरोध किया तो चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी देने लगा। दानिश उससे अपने साथ चलने को कह रहा था। किसी तरह उससे हाथ छुड़ाकर छात्रा धर्मस्थल में घुस गई। उसने अपने भाई को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मोहल्ले के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। वहां से सभी लोग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ छात्रा की तरफ से मुकदमा लिखा दिया। बता दें कि आरोपी काफी समय से छात्रा को रास्ते में आते-जाते परेशान कर रहा था, लेकिन वह उसकी हरकतों को नजरअंदाज कर देती थी। प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।