अवैध संबंधों के शक में शराबी पति ने पत्नी को पहले तो बेरहमी से पीटा, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रात भर पत्नी की लाश के पास लेटकर सोता रहा। सुबह जागा तो सास को फोन किया। बोला, अपनी बेटी की लाश ले जाओ। बारादरी थाना पुलिस ने आरोपी पति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
बारादरी के गौसाई गौंटिया में रिक्शा चालक अमित वर्मा मंगलवार रात 9.30 बजे शराब पीकर घर पहुंचा तो उसका की 27 वर्षीय पत्नी रानी से झगड़ा हो गया। इस पर अमित ने पहले तो रानी को बुरी तरह पीटा फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। चूंकि अमित और रानी के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होती रहती थी लिहाजा उसकी सात साल की बेटी मोनिका और छह साल की आयुषि दूसरे कमरे में सहमी बैठी रहीं और फिर सो गईं। नशे में धुत अमित भी पत्नी की लाश के पास ही लेटकर रातभर सोता रहा। सुबह सात बजे उसकी आंख खुली तो डेढ़ साल की सबसे छोटी बेटी अंजलि मां के शव के पास रो रही थी। उसने रानी की लाश को पहले तो ठिकाने लगाना चाहा, लेकिन आसपास चहलपहल शुरू हो चुकी थी।
सुबह करीब आठ बजे अमित ने नवादा शेखान में रहने वाली अपनी सास गीता को फोन करके कहा कि उनकी बेटी की लाश घर में पड़ी है। वह घर आकर अपनी बेटी की लाश ले जाएं। गीता ने फोन करके सूचना दी तो बारादरी थाना प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और अमित को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। जोगी नवादा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है।
ममेरे भाई से संबंध होने का था शक
पुलिस हिरासत में अमित ने बताया उसने एक सूदखोर से 15 हजार रुपये उधार लिए थे। किस्त लेने के लिए सूदखोर का घर आना-जाना होता था। इसी दौरान उसके उसकी पत्नी से संबंध हो गए। बोला, सूदखोर के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने पर उसने पत्नी को समझाया तो फिर सब ठीक हो गया। लेकिन फिर उसके ममेरे भाई से रानी के अवैध संबंध हो गए। मंगलवार रात जब वह घर लौटा तो मकान मालिक ने ही उसे पत्नी के अवैध संबंध के बारे में बताया था। इसके बाद उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था।
एक दिन पहले बना चुका था हत्या का प्लान
रानी की मां गीता एक दिन पहले उसे लेने अमित के घर गई थीं, लेकिन अमित ने उसे भेजने से इंकार कर दिया था। गीता का कहना है कि अमित उस वक्त ही रानी की हत्या का प्लान बना चुका था। इसीलिए उसने रानी को माययके भेजने से मना कर दिया। रानी की हत्या के बाद गीता उसकी तीनों बेटियों को अपने घर ले आईं।
हत्यारोपी पति अमित को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।
- नीति द्विवेदी, सीओ तृतीय