Riding friends proved triple, death of comrade
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
ट्रिपल राइडिंग एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। एक बाइक पर सवार होकर क्रिकेट खेलने निकले चार युवक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक की जान चली गई, जबकि तीन युवक जख्मी हो गए। तीनों गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
भुता क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी विक्की (20), राजबाबू (19), अतुल (20) और डबरा गांव के महाराज सिंह (22) दोस्त थे। मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे विक्की तीनों दोस्तों को लेकर खाईखेड़ा से केसरपुर में क्रिकेट खेलने को निकला। गांव से करीब आधा किलोमीटर आगे इस्माइलपुर के संपर्क मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक की टक्कर से बाइक चला रहा विक्की उछलकर पहिये के नीचे आ गया। उसकी मौत हो गई। तीनों दोस्तों को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर भुता पुलिस पहुंच गई। घायलों को निजी वाहन से बरेली के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। विक्की के परिवारवालों को आसपास के लोगों ने सूचना दी तो उसके पिता भगवानदास तुरंत पहुंच गए। भुता पुलिस ने घटनास्थल इज्जतनगर थानाक्षेत्र में बताते हुए वहां की पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर बाद इज्जतनगर पुलिस पहुंची और विक्की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की जान गई
फरीदपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक से ड्यूटी पर जा रहे युवक को ट्रैक्टर-ट्राली ने रौंद दिया। ट्रैक्टर चालक को राहगीरों ने पकड़ लिया। हादसे की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी निवासी वीरेंद्र (28) मंगलवार सुबह छह बजे बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। बताया जाता है कि ग्राम जेड के पास कोल्ड स्टोरेज के समाने बरेली से आ रहे पॉपलुर से भरी ट्रैक्टर ट्राली से वीरेंद्र की बाइक टकरा गई और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रैक्टर ट्राली चालक लेखराज ग्राम ढकिया थाना क्योलड़िया नवाबगंज ने घटनास्थल से भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।