रेलवे के फर्जी बिल बुक पर पांच साल से चोरी हो रहा था लोहा
- फोटो : Railway bribe bill book was stolen for five years
पीलीभीत और शाहजहांपुर रेलवे के होम सिग्नल से 12 टन लोहे को चोरी करने वाले गिरोह के पास से फर्जी बिल बुक, मोहर और दस्तावेज बरामद किये गए हैं। गिरोह इन दस्तावेजों के जरिये चोरी के माल को नीलामी का बताकर सहारनपुर में ठिकाने लगा दिया करता था। पुलिस के अनुसार पिछले पांच साल से सक्रिय गिरोह ने रेलवे की संपत्तियों को चोरी करके भारी नुकसान पहुंचाया है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने डीआरएम मुरादाबाद और रेलवे पुलिस को रिपोर्ट भेजी है। भोजीपुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद बदमाशों को जेल भेज दिया गया। अब पुलिस सहारनपुर के कबाड़ी को पकड़ने की कोशिश में हैं।
पुलिस लाइंस में एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि गिरोह में कथित रेलवे ठेकेदार दद्दन तिवारी पुत्र भरत सिंह निवासी श्याम विहार नजफगढ़ दिल्ली ने बताया कि फरार अभियुक्त विजय पांडेय रेलवे सुपरवाइजर बनता था। रेलवे की संपत्तियों को ट्रक में भरकर रातो रात दूसरे शहर में पहुंचा दिया जाता था। इस बार करीब 15 लाख कीमत का लोहा चोरी किया गया था। रविवार रात में बिलवां के पास चोरी के लोहे के साथ ट्रक को ले जाते वक्त हाईवे पर पुलिस चेकिंग से बचने के लिए पहले बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़े गए थे। पुलिस ने दद्दन तिवारी के साथ ट्रक चालक फिरोज पुत्र हासिम खां करसोला थाना खजुरिया रामपुर, परिचालक छोटे खां पुत्र श्मशाद खां निवासी नरसुआ शीशगढ़, कबाड़ी नत्थू पुत्र लाल नगरिया भट्टा थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार किया है।
बदमाशों का है अपराधिक रिकार्ड
नत्थू के खिलाफ इज्जतनगर, पीलीभीत के सुनगढ़ी और भोजीपुरा थाने में मुकदमे दर्ज हैं। छोटे खां और दद्दन के खिलाफ भी आपराधिक रिकार्ड पुलिस को मिला है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने कहा कि संगठित अपराध करने वाले गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर कार्रवाई होगी। उनकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जाएगी।