एक शोहदे ने फौजी की बेटी और उसके परिवार का जीना हराम कर दिया है। उसकी हरकत से परेशान होकर दो साल पहले बेटी का स्कूल छुड़वा दिया गया। परिवार गांव छोड़कर शहर में रहने लगा मगर शोहदे ने यहां भी पीछा नहीं छोड़ा है। वह अब कोचिंग जाते और आते वक्त उसे परेशान किया तो कोचिंग भी बंद कर दी। पूरा परिवार दहशत में है। बदनामी की डर से परिवार वाले पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते मगर भाई से रहा नहीं गया तो वह बृहस्पतिवार को थाने पहुंच गया। रो रोकर बहन की सुरक्षा की गुहार लगाई।
फौजी की बेटी गांव में ही नौवी में पढ़ती थी। गांव का दबंग शोहदा आए दिन उसके साथ छेड़छाड़ करता था। उसका रास्ता रोकता था। एक दिन तो भाई बताकर स्कूल पहुंच गया वहां शिक्षकों ने उसकी पिटाई की थी। उसने मां को उसकी हरकत बताई तो वह भी परेशान हो गईं। बदनामी की डर से पुलिस के पास जाने के बजाय स्कूल ही छुड़वा दिया और गांव छोड़कर नगर में किराये के मकान में रहने लगा। यहां एक स्कूल में दाखिला कर कोचिंग लगा दी। कोचिंग आते जाते समय शोहदा रास्ता रोकने लगा तो लड़की फिर दहशत में आ गई। 19 दिसंबर को भाई को भी पीट दिया और धमकी दी। अब स्कूल और कोचिंग बंद होने से परेशान मां और बेटे बृहस्पतिवार को थाने पहुुंचे और तहरीर दी। भाई एसएसआई मनोज कुमार के सामने ही फफक-फफक कर रोने लगा। हालांकि इस बार भी मां ने रिपोर्ट लिखने के बजाय शोहदे को दंडित करने की गुहार लगाई। एसएसआई ने बताया कि गांव के प्रधान से बातचीत की गई है। शुक्रवार को प्रधान और छात्र के पिता को बुलाया गया है। शोहदे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की ढिलाई से शोहदों के हौसले बुलंद
नगर में शोहदों पर कार्रवाई करने में पुलिस दिलचस्पी नहीं ले रही है। हर गली कूचे में छात्रों से फब्तियां कसी जाती हैं। पुलिस की ढिलाई के कारण अभिभावक चुप्पी साध देते हैं। एक सप्ताह पहले सपा नेता के बेटे ने छात्रा से छेड़छाड़ की थी इसकी शिकायत की गई तो उसने छात्रा के घर ही धावा बोल दिया था। पुलिस अब तक शोहदे को पकड़ नहीं पाई है जबकि छात्रा के परिवार वालों को धमकियां मिल रही हैं।
मंदिर से लौट रही किशोरी से छेड़छाड़
राजपुर कलां। अलीगंज के एक गांव में मंदिर से पूजा करके लौट रही किशोरी को गांव के ही दो युवकों ने दबोच लिया और छेड़छाड़ की। किशोरी के चिल्लाने पर पड़ोसी और परिवार वाले पहुंच गए। इस पर शोहदे फरार हो गए। यूपी 100 पुलिस पहुंची। एसओ सीपी त्रिवेदी का कहना है कि लड़की की ओर से घटना की तहरीर नहीं मिली है, गांव वालों ने समझौता कर लिया है।