बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक दीपक शर्मा मर्डर केस की तफ्तीश नई लाइन पर चल पड़ी है। नौकरों के फिंगर प्रिंट के मिलान से कोई नतीजा नहीं निकलने के बाद पुलिस ने अब दीपक शर्मा के करीबी 25 वैज्ञानिकों के फिंगर प्रिंट लिए हैं। उनसे भी मौके से मिले फिंगर प्रिंट का मिलान होना है। पुुलिस को भी अब यही लगने लगा कि दीपक शर्मा से हाथ मिलाने वाले कोई मामूली इंसान नहीं हो सकता है। इसलिए उनके कत्ल में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ है, जिसका सामाजिक स्तर प्रधान वैज्ञानिक के बराबर ही है।
29 जुलाई 2015 की रात को हाई सिक्योरिटी जोन में आईवीआरआई के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा की उनके बंगले पर ही गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के वक्त बंगले में मौजूद दीपक शर्मा की मां ने पुलिस को बताया था कि दरवाजा उन्हीं ने खोला था। दरवाजा खुलने के बाद जैसे ही हत्यारे अंदर आए दीपक शर्मा ने सबसे आगे वाले व्यक्ति से हाथ मिलाया था और कमरे में ले गए थे। हाथ मिलाकर अंदर आने वाले और उसके साथी कमरे में उनकी हत्या करने के बाद फरार हो गए थे। दीपक शर्मा की मां और नौकरानी बंगले में उनसे हाथ मिलाकर कमरे में जाने वाले किसी भी व्यक्ति के बारे जानकारी होने से पहले ही दिन से जानकारी होने से इंकार कर रही हैं। इस मामले में इज्जतनगर पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच डेढ़ सौ लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन जिन लोगों के अब तक पूछताछ हुई है उनमें कैंपस का कोई बड़ा कर्मचारी नहीं था। अब पुलिस की विवेचना नई लाइन पर होनी शुरू हुई है। दीपक शर्मा के हत्यारे तक पहुंचने के लिए फील्ड यूनिट की टीम ने अब 25 लोगों के फिंगर प्रिंट लिए हैं। इनमें ज्यादातर वह वैज्ञानिक और वैज्ञानिक सहायक हैं, जो दीपक शर्मा के करीबी हैं। पुलिस ने उनके कई दोस्तों के भी फिंगर प्रिंट मिलान के लिए हैं। मौके से घटना के बाद पुलिस ने कई स्थानों से फिंगर प्रिंट लेकर सुरक्षित रख रखें हैं। फिंगर प्रिंट का मिलान होती ही हत्यारा पकड़ में आ जाएगा। आईवीआरआई कैंपस में पुलिस की नई दिशा में सक्रियता बढ़ने से हड़कंप मचा हुआ है।
एएसपी अंशुल गुप्ता को दीपक शर्मा मर्डर केस के खुलासे में लगाया था। उन्होंने फील्ड यूनिट के साथ कम समय में ही इस घटना के खुलासे को काफी काम किया। अब ट्रेनी आईपीएस अभिनंदन को लगाया गया है। सीओ तृतीय के लिए जौनपुर से एएसपी आ रहे हैं। उनको लगाकर दीपक शर्मा मर्डर केस का जल्द खुलासा कराने की कोशिश की जाएगी- आरके भारद्वाज, एसएसपी