मंगलवार को बरेली कॉलेज में दबंग छात्रों ने फिर गुंडई दिखाई। एक लड़के को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीट दिया, क्योंकि उसने अपनी महिला मित्र पर कमेंट का विरोध कर दिया। बाद में प्रोक्टोरियल बोर्ड के सदस्य अपनी निगरानी में छात्र को कॉलेज गेट तक छोड़कर आए।
बरेली कॉलेज की लाइब्रेरी के पास एक छात्रा अपने दोस्त के साथ बैठी थी। उसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ दबंग छात्रों ने लड़की पर अश्लील कमेंट किए। इसका उस लड़के ने विरोध किया। उस वक्त तोे दबंग छात्र वहां से चले गए, लेकिन बाद में कार्यालय के सामने उसे घेर लिया और बेल्टों और घूसों से जमकर पीट दिया। वह चीखता चिल्लाता रहा, लेकिन उसकी मदद को कोई नहीं आया और उसकी पिटाई कर दबंग भाग गए। छात्र की फिर से पिटाई न हो जाए, इसलिए उसे प्राचार्य कार्यालय में बैठा लिया गया। प्रॉक्टोरियल बोर्ड को बुलाया गया और उनकी ही निगरानी में उसको कॉलेज के गेट तक भेजा गया। चीफ प्रॉक्टर एसपी मौर्या ने बताया कि पिटाई करने वालों की पहचान करवाकर कार्रवाई की जाएगी।