बरेली। पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद जिले में सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान जारी है। इसी सिलसिले में शनिवार को इज्जतनगर पुलिस ने पीलीभीत रोड स्थित फीनिक्स मॉल में संदिग्धों की तलाश की। मॉल में मौजूद लोगों के पहचान पत्र भी चेक किए गए।
शनिवार शाम छह बजे से एसओ इज्जतनगर सतेंद्र यादव ने अपनी टीम के साथ रात आठ बजे तक मॉल में चेकिंग की। मॉल में स्थिति सिनेमा हॉल और अन्य स्थानों पर बारीकी से चेकिंग की गई। इस दौरान मॉल में मौजूद प्रेमी जोड़ों से भी पूछताछ की गई। पुलिस के टोकने पर वह सकपका गए। इसके अलावा पुलिस ने मॉल में मौजूद लोगों के बैग में रखा सामान भी चेक किया। जिससे कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। एसओ सतेंद्र यादव ने बताया कि मॉल मैनेजर को सुनसान स्थानों पर सुरक्षा गार्डों का पहरा लगाने और व्यस्त जगह पर कैमरे बढ़ाने को भी कहा गया। चेकिंग के दौरान मॉल में अफरातफरी का माहौल रहा।