बरेली। पीएसी जवान की पत्नी का नंबर हासिल कर शोहदे ने उससे अश्लील बातें कर तंग किया। विरोध करने पर जवान को गोली से मारने की धमकी दी। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कैंट क्षेत्र के नकटिया स्थित पीएसी की आठवीं बटालियन में तैनात पीएसी के एक जवान की पत्नी का शोहदे ने किसी तरह नंबर हासिल कर लिया। उसने गलत नंबर डायल होने की बात कहकर फोन करना शुरू किया। खुद को मुरादाबाद का निवासी बताया। महिला के एतराज करने पर भी वह दिन में सौ-सौ बार कॉल कर अश्लील बातें करने लगा। यह बात महिला ने जब अपने पति को बताई तो उसने अपने नंबर से फोनकर शोहदे को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने जवान को गोली मारने की धमकी दे दी। मामले की शिकायत एएसपी क्राइम से की गई। एएसपी के आदेश पर शुक्रवार को कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिख लिया है। कैंट थाने के एसएसआई अमर सिंह ने बताया कि पीएसी जवान की पत्नी को तंग करने वाले की कॉल डिटेल निकाली गई। पता चला कि आरोपी का नाम आसिफ पुत्र सलाम निवासी कसाईटोला थाना बारादरी है। एसएसआई ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।