क्षेत्र के गांव कंधरपुर में प्रधानी चुनाव की रंजिश सोमवार की रात खूनी संघर्ष में बदल गई। प्रधान पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पथराव और फायरिंग हो गई। फायरिंग में प्रधान के बेटे को गोली लग गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रधान पति व उनका एक समर्थक भी घायल हो गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया। वहीं पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रधान भूरी देवी का बेटा रवि सोमवार शाम गांव की एक दुकान से सामान खरीदने जा रहा था। विपक्षी भीकम लाल के बेटे रास्ते में उसके साथ गाली गलौज करने लगे। प्रधान के बेटे ने विरोध किया तो उन्होंने लड़ाई शुरू कर दी। विपक्षी मौके की तलाश में ही थे और मौका पाते ही पथराव और फायरिंग करने लगे। शोर सुनकर प्रधान पति नंदराम लोधी अपने साथी साबिर अली के साथ मौके पर पहुंचे। फायरिंग में प्रधान के बेटे को गाली लग गई। वह मौके पर ही गिर पड़ा। प्रधान पति नंदराम और साथी साबिर पथराव में घायल हो गए। घायल रवि को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रवि की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई। धर्मवीर, उमेश, डालचन्द्र समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ सीपी त्रिवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। दोनों पक्ष के लोग घायल हुए हैं। फिलहाल रिपोर्र्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जाएगी।