52 साल के एक शख्स पर सनक इस कदर सवार हुई कि वह बेटी की उम्र की लड़की से ही मोहब्बत कर बैठा। हद तो यह हो गई कि उसे बहला-फुसलाकर ले गया। मामला दो संप्रदायों का होेने की वजह से हंगामा शुरू हुआ तो पुलिस ने आनन-फानन में लड़की को बरामद कर लिया। इसके बाद जो खुलासा हुआ उससे सबके होश उड़ गए। लड़की ने बताया कि वह धर्म बदलकर मुसलमान बन चुका है और उसके साथ निकाह भी कर चुका है। हालांकि, वह शख्स हाथ नहीं लगा, जिसकी वजह से बखेड़ा खड़ा हुआ।
मीरगंज के गांव सिंधौली का 52 वर्षीय रमाशंकर शर्मा पुत्र नोनीराम शाही के एक गांव में मोबाइल टॉवर पर चौकीदारी करता था। टॉवर के पास ही रहने वाली 20 वर्षीय युवती से उसका कई महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 10 अप्रैल, 2017 को रमाशंकर उसे बहला-फुसलाकर ले गया था। रमाशंकर न सिर्फ शादीशुदा है बल्कि एक बेटी और तीन बेटों का पिता भी है। उसके चारों बच्चे शादीशुदा हैं और उनके भी बच्चे हैं। काफी खोजने के बाद भी पता नहीं चला तो लड़की के पिता ने रमाशंकर के खिलाफ धारा 363, 366, 368 के तहत शाही थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था।
मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस जल्द से जल्द लड़की को बरामद करना चाहती थी, इसलिए सिंधौली से आरोपी के बेटे और दामाद तक को उठा लाई। हिरासत में रखकर पूछताछ करती रही। आखिरकार शुक्रवार सुबह दुनका चौकी इंचार्ज वेदपाल सिंह ने सिपाहियों के साथ आनंदपुर गांव के बाहर से लड़की को बरामद कर लिया। हालांकि, आरोपी हत्थे नहीं चढ़ पाया। लड़की को महिला पुलिस की निगरानी में मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष लड़की के बयान कराने की तैयारी में भी है।
लड़की का दावा, रमाशंकर बन चुका है असलम
लड़की ने बताया कि रमाशंकर ने बरेली की एक मस्जिद में धर्मांतरण कर अपना नाम असलम नबी रख लिया है। उसके साथ निकाह भी कर लिया है। लड़की ने असलम नबी के साथ 20 अप्रैल, 2017 को निकाह करने और बीवी की तरह जिंदगी गुजारने की बात कही। मस्जिद के मौलवी और गवाहों का दस्तखत शुदा निकाहनामा अपने पास होने की बात भी उसने कही।
सर्वेश देवी बोलीं, बच्चों के साथ अलग रहूंगी
वहीं, असलम नबी बने रमाशंकर शर्मा की पत्नी सर्वेश देवी और उनका पूरा परिवार पुलिस कार्रवाई के डर से छिपकर रह रहा है। किसी तरह संपर्क करने पर सर्वेश ने अमर उजाला को बताया कि नाती-पोतों को गोद में खिलाने की उम्र में उसके पति ने बेटी की उम्र की लड़की से निकाह कर बहुत गलत किया है। वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। रमाशंकर से संबंध तोड़कर सिंधौली में बच्चों और नाती-पोतों के साथ ही रहेगी।