मुरादाबाद के गिरोह ने शाहजहांपुर के सराफ से की थी लूट
- फोटो : Moradabad gang robbed of gold from Shahjahanpur
शाहजहांपुर के सराफ सुधीर टंडन से दो लाख की लूट करके पुलिस महकमा को हिला देने वाला गिरोह मुरादाबाद का था। बैंक की सीसीटीवी से मिले शुरुआती सुराग का पीछा करते हुए पुलिस ने मुरादाबाद की आदर्श कॉलोनी में दबिश देकर बदमाश रमन कुमार को गिरफ्तार किया। जबकि उसके पांच साथी पुलिस के पंजे से निकल भागने में कामयाब हो गए। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि पहली बार इस गिरोह का नाम सामने आया है। डीजी मुख्यालय के जरिये राज्य के पुलिस रिकार्ड में गिरोह को पंजीकृत किया जाएगा। गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। रमन ने बताया कि 29 मार्च को वह अपने साथी के साथ रोडवेज बस में और चार साथी दो काले रंग की पल्सर बाइक पर बरेली आए थे। रोडवेज पर पहले गुप्ता कचौड़ी वाले की दुकान पर खाने पीने के बाद सिविल लाइंस में शिकार की तलाश में रेकी शुरू हुई थी। चौकी चौराहा के पास सराफ सुधीर टंडन की रेकी के बाद एक्सिस बैंक के ठीक सामने चाय की दुकान पर रमन खड़ा रहा था। दो बदमाश सराफ के पीछे बैंक के अंदर गए थे। बैंक के अंदर सराफ के पोते कुशाग्र टंडन ने खेलते हुए ब्रीफकेस को दो बार खोला था। बदमाशों ने नोट की गड्डी देख ली थी। सराफ के बैंक से निकलने के बाद बदमाशों ने बटलर प्लाजा के सामने रिक्शा में टक्कर मारकर ब्रीफकेस लूटा था। लूट के बाद चार बदमाश पल्सर बाइक जबकि दो बदमाश रोडवेज बस से मुरादाबाद लौट गए थे।
सीसीटीवी में नजर आया अमित का चेहरा
सराफ सुधीर टंडन ने मुख्यमंत्री कार्यालय में लूट के खुलासे के लिए गुहार लगाई थी। सीएम ऑफिस से मिले अल्टीमेटम के बाद एसएसपी ने कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की दो टीम को खुलासे के लिए लगाया था। बैंक की सीसीटीवी में एक बदमाश अमित का चेहरा नजर आने के बाद पुलिस ने लखीमपुर, गोरखपुर, कानपुर में दबिश दी थीं। लखीमपुर में बदमाश की पत्नी को पुलिस ने पकड़ लिया। जिसके बाद रमन कुमार का नाम खुलने के साथ पुलिस को पता चला कि छह लोगों के गिरोह ने वारदात की थी। सुधीर टंडन को रुपयों से ज्यादा ब्रिटिश समय के अपने दस्तावेजों की बरामदगी की चिंता थी। लेकिन दस्तावेज नहीं मिले।
पांच हजार का मिला इनाम
क्राइम ब्रांच की टीम में प्रभारी नरेश त्यागी, सर्विलांस के एचसीपी जगवीर, अंकुल, रामेंद्र, वरुण, राहुल, रवि प्रताप सहित कोतवाली पुलिस की टीम में कोतवाल केके वर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक धमेंद्र कुमार, मनीष शामिल रहे। एसएसपी ने बधाई देते हुए टीमों को पांच हजार का पुरस्कार घोषित किया है।