दुराचार के आरोपी से ही करा दिया निकाह
- फोटो : दुराचार के आरोपी से ही करा दिया निकाह
नवाबगंज (बरेली)। दस दिन पहले तमंचे के दम पर दुष्कर्म करने के आरोपी से ही पंचायत ने पीड़ित युवती का निकाह करा दिया। इस मामले में पुलिस को फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है। चर्चा है कि घटना के बाद ही यह निकाह होना था पर मुकदमे की वजह से टल गया।
नगर के मोहल्ला बगिया निवासी शकील की थाना क्षेत्र के ही गांव मिलक पिछौड़ा गांव में रिश्तेदारी है। इसके चलते उनके पुत्र इमरान का भी गांव में आना जाना था। तीस मई को इमरान जब मिलक पिछौड़ा पहुंचा तो रिश्तेदार गांव में गए हुए थे। परिवार की युवती घर पर अकेली थी। आरोप है कि युवती को अकेला देखकर इमरान ने तमंचा तानकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अचानक ही युवती के परिवारीजनों के आने पर उन्होंने आरोपी को मौके से पकड़ लिया। उसे जमकर पीटा गया। मामला रिश्तेदारों का होने के चलते दोनों पक्षों में पंचायत हुई। बताते हैं कि युवती के परिवारीजन आरोपी से निकाह करना चाहते थे लेकिन आरोपी के बुरी तरह घायल होने के बाद गुस्से की वजह से आरोपी के घरवाले निकाह को राजी नहीं हुए। तब युवती के पिता ने आरोपी पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपी इमरान पर मुकदमा दर्ज होने के बाद उसके परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने दो दिन पहले युवती के परिवारीजनों को पंचायत के लिए नगर के मोहल्ला इस्लामनगर में एक रिश्तेदार के घर बुलाया। वहां पंचायत करके पीड़ित युवती के साथ आरोपी इमरान के निकाह के लिए हामी भर दी। तुरंत ही रात में ही मौलाना को बुलाकर आरोपी इमरान से निकाह करा दिया गया। युवती उसके बाद से अपनी ससुराल में आकर रहने लगी है। इस बीच आरोपी पर दर्ज मुकदमे का मामला न्यायालय के निर्णय पर अटककर रह गया है। कोतवाल प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मुकदमा दर्ज है, पुलिस फिलहाल उसी के आधार पर विवेचना और कार्रवाई करेगी।