क्षेत्र के एक गांव में पांच साल की मासूम से 14 साल के किशोर ने दरिंदगी की। उसने टॉफी देने के बहाने बच्ची को कमरे में बंद कर लिया और दरिंदगी की। बच्ची की हालत बिगड़ने पर मां को घटना का पता चला। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पहले पीटा फिर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। वहीं गांव का किशोर भी खेल रहा था। इस दौरान किशोर टॉफी देने का लालच देकर बच्ची को कमरे में ले गया और रेप किया। किसी तरह घर पहुंची बच्ची की हालत बिगड़ गई। मां ने पूछताछ की तब उन्हें घटना की जानकारी मिली। बच्ची ने किशोर का नाम भी बताया।
घटना से गुस्साए परिजन किशोर को पकड़ लाए और कमरे में बंद कर जमकर पिटाई की। किशोर के मां-बाप उसे छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन बच्ची के परिजन आरोपी को पीटते रहे। इस बीच सूचना पर यूपी 100 पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
बाद में बच्ची के परिजन भी थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। देवरनियां के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया है। शनिवार को उसे मजिस्ट्र्रेट के सामने पेश किया जाएगा।