सुभाषनगर इलाके के जागृति नगर निवासी एक मैक्स ड्राइवर की हत्या कर दी गई। हत्यारोपी उसकी लाश बदायूं रोड पर एक निजी अस्पताल के सामने छोड़कर भाग गए। परिवारीजनों ने मृतक के साथी ड्राइवर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है, जो फरार है।
करीब 20 वर्षीय आकाश मैक्स जीप चलाता था। पिता लालाराम ने बताया कि आकाश को सोमवार शाम करीब पांच बजे शांति विहार मोहल्ले का देशराज अपनी गाड़ी पीलीभीत ले जाने का बहाना करके घर से ले गया था। रात में करीब 11 बजे उनके घर पहुंचे एक अनजान व्यक्ति ने बदायूं रोड स्थित एक निजी अस्पताल में आकाश के घायल हालत में पड़े होने की सूचना दी। उन्होंने जाकर देखा तो आकाश बेसुध हालत में पड़ा था। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और दोनों कानों से खून बह रहा था। उसे घर से ले जाने वाला देशपाल भी मौजूद था। घरवाले आकाश को उठाकर पड़ोस के दूसरे अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इससे शब जिला अस्पताल ले जाकर मोर्चरी में रखवा दिया। पिता लालाराम का आरोप है कि दूसरे अस्पताल ले जाते समय आरोपी देशपाल गाड़ी से कूदकर भाग गया। आरोप है कि देशपाल ने बजनी चीज सिर में मारकर आकाश की हत्या कर दी। उसने हत्या क्यों की इस बारे में परिजन कुछ नहीं बता रहे हैं। परिजनों की तहरीर पर थाना सुभाषनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सोमवार रात में पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन देशपाल अपने घर से गायब था।
मोबाइल और पर्स गायब
परिजनों के मुताबिक आकाश के पास मोबाइल और पर्स था, जो गायब है। उन्होंने रात में ही फोन मिलाया था, जो बंद निकला।
सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक आकाश की मौत सिर में गंभीर चोटें आने से हुई थी। उसके सिर की हड्डी टूटी हुई थी। पेट में जहर या अल्कोहल था या नहीं इसकी जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख दिया गया है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छानबीन में अभी तक घटना की वजह सामने नहीं आई है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। - आरके सक्सेना, प्रभारी थाना इंचार्ज